Gorakhpur News: बारात में बवाल; मामूली कहासुनी में युवक की पीट-पीटकर हत्या, तीन हिरासत में

गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। हरिजनपुर गांव में बारात में शामिल 19 वर्षीय मुनीब चौहान की कुछ युवकों ने कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी। प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा मुनीब परिवार की उम्मीदों का सहारा था।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 11 February 2026, 5:46 PM IST
google-preferred

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरिजनपुर गांव में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, गांव में आयोजित एक बारात में नाच-गाने के दौरान दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में मामला सामान्य बहस जैसा लगा, लेकिन देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान कुछ युवकों ने 19 वर्षीय मुनीब चौहान को घेर लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि उसे लगातार पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। शादी की खुशियां अचानक चीख-पुकार और अफरातफरी में बदल गईं।

प्रतियोगी छात्र था मुनीब

मृतक की पहचान 19 वर्षीय मुनीब चौहान पुत्र रामभवन चौहान, निवासी चिरैयाडांड थाना गीडा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मुनीब प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह सिकरीगंज क्षेत्र के हरिजनपुरवा गांव में एक परिचित की बारात में शामिल होने आया था।

दिल का दौरा अचानक नहीं आता! एक्सपर्ट बोले- पहले मिलते हैं चेतावनी के संकेत, लेकिन क्या?

परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। परिजनों का कहना है कि मुनीब पढ़-लिखकर सरकारी नौकरी पाने का सपना देख रहा था और घर की आर्थिक स्थिति सुधारने का इरादा रखता था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने घायल मुनीब को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
शव गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

तीन संदिग्ध हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही सिकरीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में लगाई जाने वाली धाराएं स्पष्ट की जाएंगी।

मुजफ्फरनगर में प्रदर्शनकारियों पर बड़ी कार्रवाई, तोड़फोड़ के आरोप में कई पर मुकदमा दर्ज

घटना के बाद गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो। एक मामूली विवाद का इतना भयावह परिणाम सामने आने से ग्रामीण सहमे हुए हैं। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

 

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 11 February 2026, 5:46 PM IST

Advertisement
Advertisement