ICC चेयरमैन के रूप में जय शाह की दूसरी पारी शुरू, 2028 ओलंपिक को लेकर बनाया बड़ा प्लान

जय शाह को ICC चेयरमैन के रूप में दो साल का दूसरा कार्यकाल निर्विरोध मिला है। बाली में हुई बोर्ड बैठक के बाद नियुक्ति की घोषणा हुई। अब LA 2028 ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी और वैश्विक विस्तार पर फोकस रहेगा।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 16 November 2026, 11:58 AM IST
google-preferred

New Delhi: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का दबदबा एक बार फिर देखने को मिला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व सचिव जय शाह को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन के रूप में लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध चुन लिया गया है। ICC ने सोमवार (16 नवंबर 2026) को इसकी आधिकारिक घोषणा की। जय शाह का दूसरा कार्यकाल दो साल का होगा। इस फैसले को वैश्विक क्रिकेट में उनके नेतृत्व पर भरोसे और निरंतरता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

ICC के अनुसार, जय शाह को यह जिम्मेदारी रविवार को बाली में संपन्न हुई बोर्ड बैठकों के दौरान सौंपी गई। 38 वर्षीय जय शाह ने पहली बार दिसंबर 2024 में ICC चेयरमैन का पद संभाला था। अब दूसरे कार्यकाल के लिए उनकी निर्विरोध नियुक्ति से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सामने मौजूद कई अहम योजनाओं को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।

ICC ने क्यों जताया जय शाह पर भरोसा?

ICC ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि, 'यह फैसला शाह के नेतृत्व में बोर्ड के विश्वास को दर्शाता है और खेल के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ पर निरंतरता सुनिश्चित करता है. वैश्विक विस्तार, प्रशंसकों की संख्या में वृद्धि और व्यावसायिक विकास हमारी रणनीतिक योजना के प्रमुख केंद्र में हैं।'

 

 

LA 2028 ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी पर रहेगा फोकस

जय शाह के दूसरे कार्यकाल में सबसे अहम प्राथमिकताओं में से एक लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी होगी। करीब 128 साल बाद क्रिकेट ओलंपिक खेलों का हिस्सा बनने जा रहा है। ऐसे में ICC इस आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने की तैयारी में जुटा है।

ओलंपिक में क्रिकेट की मौजूदगी से इस खेल को नए देशों और दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही क्रिकेट के वैश्विक विस्तार और लोकप्रियता को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

दूसरे कार्यकाल पर क्या बोले जय शाह?

दूसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने पर जय शाह ने ICC बोर्ड के प्रति आभार जताया। उन्होंने आईसीसी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा, 'आईसीसी बोर्ड ने मुझ पर जो विश्वास जताया है उससे मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं, मैं सभी निदेशकों का उनके निरंतर भरोसे और समर्थन के लिए तहे दिल से आभारी हूं।'

जय शाह की दोबारा नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब क्रिकेट अपने वैश्विक विस्तार के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। ऐसे में उनके अगले दो साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के भविष्य और ओलंपिक में उसकी वापसी के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं।

Location :  New Delhi

Published :  16 November 2026, 11:40 AM IST

Advertisement