हिंदी
अमिताभ के जलसा से हटी बुलेटप्रूफ दीवार (Img- Dynamite News)
Mumbai: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के घर 'जलसा' के बाहर सुरक्षा को लेकर शुरू हुआ मामला अब राजनीतिक विवाद बन गया है। पिछले सप्ताह बम धमाके की धमकी मिलने के बाद उनके बंगले के बाहर बुलेटप्रूफ कांच की दीवार लगाई गई थी। हालांकि, 8 नवंबर को जब अमिताभ बच्चन अपने फैंस से मिलने बाहर आए तो यह सुरक्षा दीवार हटा दी गई थी।
इसके बाद महाराष्ट्र की राजनीति में सवाल-जवाब का दौर शुरू हो गया। कांग्रेस ने सरकार से पूछा कि क्या अमिताभ को अब कोई खतरा नहीं है या फिर सरकार अपनी छवि बचाने के लिए सुरक्षा इंतजाम हटा रही है? वहीं, बीजेपी ने कांग्रेस पर एक मशहूर कलाकार की सुरक्षा को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया है।
मुंबई के जुहू स्थित अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' के बाहर हर रविवार को अभिनेता अपने प्रशंसकों से मुलाकात करते हैं। पिछले सप्ताह इस परंपरा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिला था। दरअसल, मुंबई की मेयर रितु तावड़े को एक ईमेल मिला था, जिसमें अमिताभ बच्चन के घर पर बम धमाके की धमकी दी गई थी। इसके बाद अभिनेता जब प्रशंसकों से मिलने बाहर आए तो उनके और प्रशंसकों के बीच मजबूत बुलेटप्रूफ कांच की दीवार लगाई गई थी।
रविवार, 8 नवंबर को अमिताभ बच्चन एक बार फिर अपने फैंस के अभिवादन करने बंगले से बाहर आए। इस बार उनके और फैंस के बीच बुलेटप्रूफ कांच की दीवार मौजूद नहीं थी। उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके साथ खड़े दिखाई दिए। बताया गया कि अभिषेक पूरी स्थिति पर नजर रख रहे थे और वहां मौजूद निजी सुरक्षाकर्मियों तथा मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे। सुरक्षा दीवार हटाए जाने के बाद इस फैसले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
अमिताभ बच्चन (Img- X)
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने बुलेटप्रूफ दीवार हटाए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या खतरा खत्म होने के कारण इसे हटाया गया है या फिर इसकी मौजूदगी से सरकार की छवि प्रभावित हो रही थी। सावंत ने कहा कि कांच की दीवार हटने का मतलब यह नहीं है कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के मन से डर भी खत्म हो गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बॉलीवुड कलाकारों, निर्माताओं और निर्देशकों को सुरक्षित माहौल देने की मांग की।
सचिन सावंत ने केंद्र और महाराष्ट्र की बीजेपी सरकार पर फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लिए बिना कहा कि डर का माहौल पैदा करने के लिए जिम्मेदार लोग गुजरात की साबरमती जेल में आराम से रह रहे हैं। कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि आखिर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को सुरक्षा का भरोसा कब मिलेगा।
कांग्रेस के सवालों पर बीजेपी विधायक राम कदम ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अमिताभ बच्चन के बंगले के बाहर लगाया गया बुलेटप्रूफ पार्टीशन अस्थायी व्यवस्था थी। इसे हटाए जाने को सरकार के दबाव या किसी राजनीतिक फैसले से जोड़ना गलत है।
राम कदम ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए एक मशहूर कलाकार की सुरक्षा के मुद्दे का इस्तेमाल कर रही है। इस तरह अमिताभ बच्चन के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था में हुए बदलाव ने बॉलीवुड की सुरक्षा को लेकर महाराष्ट्र में सियासी बहस छेड़ दी है।
Location : Mumbai
Published : 10 November 2026, 2:48 PM IST
Topics : Amitabh Bachchan Jalsa House Amitabh Bachchan Bollywood News entertainment news Maharashtra News