फरसे की धार और महिलाओं से मारपीट के गंभीर आरोप: गोरखपुर के इस खूनी संघर्ष के पीछे छिपी है कौन सी बड़ी रंजिश?

गोरखपुर के सहजनवां थाना क्षेत्र में नाली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि करीब एक दर्जन लोगों ने एक परिवार के घर में घुसकर हमला किया। घटना में 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र में नाली को लेकर चल रहा पुराना विवाद रविवार को हिंसक झड़प में बदल गया। धर्मदास पट्टी टोला कुल्हुई में करीब एक दर्जन लोगों पर एक परिवार के घर में घुसकर धारदार हथियार, फरसा, फावड़ा, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप है। इस हमले में एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पीड़ित पक्ष ने महिलाओं के साथ मारपीट और छेड़छाड़ करने के साथ उनके गहने छीनने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नाली विवाद के बाद घर में घुसकर हमले का आरोप

जानकारी के मुताबिक, धर्मदास पट्टी टोला कुल्हुई निवासी राम सजन शर्मा का अपने पड़ोसियों से नाली को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार सुबह करीब 10:45 बजे इसी बात को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद करीब एक दर्जन लोग गाली-गलौज करते हुए राम सजन शर्मा के घर में घुस आए। उनके पास धारदार हथियार, फरसा, फावड़ा, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड थीं।

पीड़ित पक्ष के मुताबिक, घर में घुसे लोगों ने राम सजन शर्मा और दुर्गेश शर्मा पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार, फावड़े और फरसे से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और खून से लथपथ हो गए। अचानक हुए इस हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। आरोप है कि हमलावरों ने बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के दूसरे सदस्यों को भी निशाना बनाया और लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से उनकी पिटाई की।

ये भी पढ़े: मां की एक डांट के बाद घर से निकली 20 साल की श्वेता, फिर तालाब में मिला शव; गोरखपुर की घटना ने सबको झकझोरा

महिलाओं से मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप (Image Source: Dynamite News)

महिलाओं से मारपीट और छेड़छाड़ का भी आरोप

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि घर में मौजूद महिलाओं के साथ भी मारपीट और छेड़छाड़ की गई। इस दौरान उनके आभूषण छीनने का भी आरोप है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

इस हमले में एक ही परिवार के राम सजन शर्मा, दुर्गेश शर्मा, हरिश्चंद्र शर्मा, रीना शर्मा, नीलम शर्मा, दयानंद शर्मा, सोनी शर्मा, विवेक शर्मा, गुड्डी और तन्नू घायल हुए हैं। कुल 10 घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

ये भी पढ़े: गोरखपुर: घरेलू विवाद में युवक ने खुद को मारी गोली, मौत से मचा हड़कंप

आठ नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने फूलदेव दुबे, वीरेंद्र दुबे, अनिल दुबे, कमलावती दुबे, प्रेमलता दुबे, प्रेमकन्या, राजू दुबे और राजन दुबे समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज मुकदमे में हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने सहित संबंधित धाराएं शामिल की गई हैं।

सहजनवां थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  15 November 2026, 6:56 PM IST

Related News

Advertisement