Air Hostess Murder: पुणे की एयर होस्टेस वर्षा तुरकर का धारदार हथियार से बालाघाट में हत्या, मायके में वारदात

मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा से सटे बोंडरानी में पुणे की 35 वर्षीय एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। दीपावली पर मायके आई वर्षा की पीठ पर चार वार किए गए। शुरुआती तौर पर लूटपाट की बात सामने आई है, लेकिन महाराष्ट्र पुलिस को घटनाक्रम पर संदेह है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 15 November 2026, 5:35 PM IST
google-preferred
Maharashtra News: दीपावली की खुशियां मनाने मायके आई एक एयर होस्टेस की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने महिला की पीठ पर धारदार हथियार से एक के बाद एक चार गहरे वार किए। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती तौर पर इसे लूटपाट के दौरान हुई हत्या बताया जा रहा है, लेकिन घटना और साथ मौजूद लोगों की भूमिका को लेकर महाराष्ट्र पुलिस को संदेह है। पुलिस ने दो लोगों को पूछताछ के लिए अपने साथ लिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

पुणे में एयर होस्टेस थी वर्षा, दीपावली पर आई थी मायके

मृतका की पहचान 35 वर्षीय वर्षा तुरकर (सैयद), पति समर सैयद, निवासी पुणे के रूप में हुई है। वर्षा पुणे में एयर होस्टेस के पद पर कार्यरत थीं। साल 2024 में समर सैयद से प्रेम विवाह करने के बाद वह पुणे में ही रहने लगी थी। उनकी ढाई साल की एक बेटी भी है। दीपावली के अवसर पर वर्षा अपनी बेटी के साथ मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किन्ही स्थित अपने मायके आई हुई थी। पढ़ाई के दौरान वर्षा की पहचान गोंदिया निवासी रितेश अग्रवाल से हुई थी। 14 नवंबर को रितेश उनसे मिलने किन्ही पहुंचा था। इसके बाद शाम को दोनों महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बोंडरानी स्थित वैनगंगा नदी के तट पर मंदिर के पास जंगल की ओर घूमने गए थे। इसी दौरान उनके साथ यह वारदात हो गई।

शाम 6 बजे आया फोन, परिजन पहुंचे तो गंभीर हालत में मिलीं वर्षा

बताया गया कि 14 नवंबर की शाम करीब 6 बजे रितेश अग्रवाल ने वर्षा के बहनोई अश्विनी उर्फ पप्पू पटले (निवासी नवेगांव) को फोन किया। उसने बताया कि उनके साथ लूटपाट हुई है और कुछ अज्ञात लोगों ने वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही अश्विनी परिजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां वर्षा खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल हालत में मिलीं। परिजन उन्हें तत्काल बालाघाट जिले के खैरलांजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, शाम करीब 7 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले में वर्षा की पीठ पर धारदार हथियार से चार गहरे घाव किए गए थे।

लूटपाट की कहानी पर संदेह, दो लोगों से पूछताछ

घटनास्थल महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र में होने के कारण खैरलांजी पुलिस ने तत्काल महाराष्ट्र पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दौनीवाड़ा पुलिस ने घटना के समय वर्षा के साथ मौजूद रहे रितेश अग्रवाल और उनके बहनोई अश्विनी उर्फ पप्पू पटले को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। पुलिस दोनों के बयानों की पुष्टि कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वास्तव में वारदात लूटपाट के दौरान हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है।

पिता ने की निष्पक्ष जांच की मांग

वारासिवनी थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके ने बताया कि खैरलांजी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया गया है। मामले की केस डायरी आगे की जांच के लिए महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाने भेजी जा रही है। 15 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे पोस्टमार्टम के बाद वर्षा का शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, मृतका के पिता धुरंलाल तुरकर ने बेटी की हत्या की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की है। फिलहाल महाराष्ट्र पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Location :  Maharashtra

Published :  15 November 2026, 5:35 PM IST

Advertisement