एक चूक और मच सकता था मौत का तांडव! 463 KM तक बिना ब्रेक दौड़ती रही वंदे भारत, चेतावनी के बाद भी नहीं रुकी ट्रेन

वंदे भारत ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम में बड़ी खराबी के बावजूद ट्रेन करीब 463 किलोमीटर तक पटरी पर दौड़ती रही। लोको पायलट ने कई बार ब्रेक फेल होने की चेतावनी दी, लेकिन उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया गया। हटिया से झांसी जा रही खाली ट्रेन में हुई इस गंभीर लापरवाही के बाद दक्षिण पूर्व रेलवे ने जांच के आदेश दिए हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 November 2026, 4:45 PM IST
google-preferred

New Delhi: जिस वंदे भारत ट्रेन को देश की सबसे आधुनिक और सुरक्षित ट्रेनों में गिना जाता है, उसी का ब्रेकिंग सिस्टम पूरी तरह फेल होने के बावजूद उसे करीब 463 किलोमीटर तक दौड़ाया जाता रहा। हैरानी की बात यह है कि ट्रेन के लोको पायलट लगातार ब्रेक में खराबी की चेतावनी देते रहे, लेकिन उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। अगर इस दौरान ट्रेन के सामने कोई आपात स्थिति आ जाती तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था।

आखिर कैसे बिना ब्रेक दौड़ती रही वंदे भारत?

यह पूरा मामला 24 अक्टूबर का है। जानकारी के मुताबिक, झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी तक एक खाली वंदे भारत चेयर कार ट्रेन को मालगाड़ी के इंजन की मदद से ले जाया जा रहा था। यानी ट्रेन में यात्री मौजूद नहीं थे, लेकिन इसके बावजूद यह सफर रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी परीक्षा बन गया। दरअसल, ट्रेन को ले जाने के लिए मालगाड़ी के इंजन के साथ उसकी ब्रेकिंग व्यवस्था को सही तरीके से जोड़ना जरूरी था। लेकिन रेलवे कर्मचारियों से यहीं बड़ी चूक हो गई।

दिल्ली-रेवाड़ी रूट पर 24 ट्रेनें ठप, वंदे भारत और गरीब रथ भी नहीं चलेंगी, देखें पूरी लिस्ट

लोको पायलट ने पहले ही दे दी थी चेतावनी

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ट्रेन के ब्रेक ठीक से काम नहीं कर रहे थे तो उसे आगे जाने की अनुमति कैसे मिल गई? जानकारी के मुताबिक, हटिया से ट्रेन रवाना होने के बाद लोको पायलट ने ब्रेक पावर टेस्ट किया था। इस जांच के दौरान उन्हें पता चला कि ट्रेन का ब्रेकिंग सिस्टम बेहद खराब स्थिति में है। लोको पायलट ने इस गड़बड़ी को नजरअंदाज नहीं किया और रांची पहुंचने पर रेलवे अधिकारियों को लिखित शिकायत भी दी। आमतौर पर इस तरह की तकनीकी खराबी सामने आने पर ट्रेन को रोककर समस्या का समाधान किया जाना चाहिए था।

DDU स्टेशन पहुंचने पर खुली रेलवे की पोल

करीब 463 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद जब वंदे भारत ट्रेन उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में स्थित दीन दयाल उपाध्याय (DDU) स्टेशन पहुंची, तब अधिकारियों ने ट्रेन के रेक की जांच की। इस जांच में जो सामने आया, उसने रेलवे की पूरी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। अधिकारियों ने पाया कि ट्रेन के सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम को आइसोलेट यानी अलग कर दिया गया था। इसी वजह से कोचों के ब्रेक काम नहीं कर रहे थे।

सफर से पहले पढ़ लें ये खबर! मथुरापुर मेगा ब्लॉक ने बिगाड़ा रेल नेटवर्क, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें घंटों लेट

दक्षिण पूर्व रेलवे ने दिए जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने जांच शुरू कर दी है। 7 नवंबर को जारी एक आदेश में रांची के डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM) को पूरे घटनाक्रम की जांच करने और जिम्मेदार कर्मचारियों की पहचान करने के निर्देश दिए गए। जांच का मकसद यह पता लगाना है कि आखिर इतनी बड़ी तकनीकी खराबी के बावजूद ट्रेन को आगे जाने की अनुमति किसने दी। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि लोको पायलट की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

Location :  New Delhi

Published :  15 November 2026, 4:45 PM IST

Advertisement