रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले में महिला समेत दो गिरफ्तार, पाक एजेंट से सम्पर्क का खुलासा

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले में राजस्थान एटीएस ने पंजाब से महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच में पाकिस्तानी एजेंट से संपर्क, 30 हजार रुपये की फंडिंग और तीन बार रेकी करने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जांच कर रही है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 15 November 2026, 1:58 PM IST
google-preferred

New Delhi: राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान एटीएस और पुलिस ने पंजाब की काउंटर इंटेलिजेंस की मदद से एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पाकिस्तानी एजेंट से संपर्क, 30 हजार रुपये की फंडिंग और तीन बार श्रीगंगानगर पहुंचकर रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश रचने की बात सामने आई है।

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 50 जीबी गांव के पास हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने पंजाब से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महकदीप कौर (21) निवासी दोस्तपुर और देवेंद्र सिंह (23) निवासी चौड़ा कलां, गुरुदासपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पर पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में रहकर रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने की साजिश रचने का आरोप है।

जांच में सामने आया है कि महकदीप कौर लंबे समय से सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के एक एजेंट के संपर्क में थी। एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन के मुताबिक, महकदीप शाह नाम के एजेंट से जुड़ी हुई थी। उसी एजेंट ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने के लिए उसे पैसे उपलब्ध कराए थे। इसके बाद महकदीप ने अपने सहयोगी देवेंद्र सिंह के साथ मिलकर श्रीगंगानगर पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हथियार, 46 कारतूस और ब्लास्ट के लिए पाकिस्तानी एजेंट से मिले 30 हजार रुपये बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में आरोपियों के अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पाकिस्तानी एजेंटों से संपर्क और पैसों के लेन-देन से जुड़े अहम सुराग मिले हैं।

सुहागरात के बीच ऐसा क्या-क्या हुआ? जो दुल्हन की सांस रुक गई, पढ़ें रात 10 बजे के बाद बैडरूम की कहानी

तीन बार श्रीगंगानगर पहुंचे आरोपी, दो बार नाकाम रही साजिश

पूछताछ में आरोपियों के श्रीगंगानगर पहुंचने को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने के लिए तीन बार श्रीगंगानगर का दौरा किया था। पहली बार 6 अक्टूबर को दोनों यहां पहुंचे और कई जगहों की रेकी की, लेकिन उस समय वारदात को अंजाम नहीं दे सके।

Rajasthan News

रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश का खुलासा (Image Source: X)

इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर को दोनों दोबारा श्रीगंगानगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक पर बम लगाया, लेकिन उसमें विस्फोट नहीं हुआ। दो बार नाकाम होने के बाद आरोपियों ने 3 नवंबर को फिर श्रीगंगानगर का रुख किया। इस बार 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट कर दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तानी एजेंट ने आरोपियों को राजस्थान भेजते समय आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) नहीं दिया था। राजस्थान पहुंचने के बाद उन्हें एक तय जगह से आईईडी का पैकेट मिला था। इसके बाद आरोपियों ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें आईईडी उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है और इसके तार कहां तक जुड़े हैं।

UPPSC: बरगाहपुर चेतरा टोले के लाल अवधेश कुमार चौधरी बने असिस्टेंट प्रोफेसर कार्डियोलॉजी, गांव में जश्न

धमाके से पटरियों के बीच बना 3 फीट गहरा गड्ढा

3 नवंबर की रात करीब पौने 10 बजे श्रीगंगानगर जिले में रामसिंहपुर के पास 50 जीबी गांव के नजदीक रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट इतना तेज था कि पटरियों के बीच करीब 2 से 3 फीट गहरा गड्ढा हो गया। इसके अलावा दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए और आसपास के कई स्लीपर के लॉक टूट गए थे।

बताया गया कि धमाके से कुछ समय पहले ही इस रेलवे ट्रैक से एक यात्री ट्रेन गुजरी थी। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रेलवे ट्रैक पर गड्ढा और नुकसान देखकर उन्होंने रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। घटना के बाद एहतियात के तौर पर रेलवे प्रशासन ने इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी थी। इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा था।

एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि तीन दिन पहले केंद्रीय एजेंसी से इनपुट मिलने के बाद राजस्थान एटीएस और पुलिस की टीमें पंजाब पहुंची थीं। श्रीगंगानगर से आईपीएस नितिन चौधरी, एटीएस के एएसपी मनीष शर्मा और सुरेंद्र सिंह की टीमें कार्रवाई में शामिल रहीं। पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों को ट्रेस किया गया। गुरुदासपुर में लोकेशन मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर के आईजी ओमप्रकाश और एसपी हरिशंकर भी आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। श्रीगंगानगर के सर्कल ऑफिसर (सिटी) और आईपीएस अधिकारी नितिन चौधरी पूरे मामले की जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच कर रही है और साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। 

Location :  New Delhi

Published :  15 November 2026, 1:58 PM IST

Related News

Advertisement