हिंदी
मृतक महिला का फाइल फोटो (Image: X)
मामला बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के देउरवा गांव का है। यहां जुलेखा खातून (30) अपने तीन बच्चों के साथ रहती थी। उनके पति खुर्शीद अंसारी करीब 15 दिन पहले ही काम के सिलसिले में सऊदी अरब गए हैं। ऐसे में जुलेखा घर पर बच्चों के साथ रह रही थी। शनिवार रात करीब आठ बजे जुलेखा ने अपने घर के दरवाजे का फाटक बंद कर दिया था। इसी बात को लेकर उनके भतीजे ने विरोध शुरू कर दिया। दरवाजा बंद करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। शुरुआत में हुआ विवाद देखते ही देखते बढ़ गया।
प्रतीकात्मक छवि (Image: Pinterest)
आरोप है कि कहासुनी के दौरान भतीजा इस कदर आक्रोशित हो गया कि उसने कुदाल से जुलेखा के सिर पर हमला कर दिया। कुदाल से वार होते ही महिला गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ी। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग उन्हें बचाने के लिए तुरंत अस्पताल लेकर भागे। गंभीर हालत में जुलेखा को रात करीब 11:15 बजे देवरिया स्थित महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनका परीक्षण किया, लेकिन महिला की जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जुलेखा अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। इनमें नौ साल की बेटी गुलनाज परवीन, तीन साल का बेटा फैज अली और दो साल की बेटी अरीबा परवीन शामिल है। मां की अचानक मौत से तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पति खुर्शीद अंसारी के सऊदी अरब में होने के कारण परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्चों की किलकारियां गूंजती थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
Location : Deoria News
Published : 15 November 2026, 1:07 PM IST