हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Mumbai: टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले और लॉरेंस बिश्नोई गैंग की लगातार मिल रही धमकियों के बाद मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब मुंबई से बाहर जाने से पहले कई अभिनेताओं को अपना पूरा ट्रैवल प्लान और प्रस्तावित रूट पुलिस के साथ साझा करना होगा। इतना ही नहीं, जिस शहर में अभिनेता पहुंचेंगे, वहां पहले से सुरक्षा जांच की जाएगी और स्थानीय पुलिस को भी अलर्ट रखा जाएगा। पुलिस ने कुछ ए-लिस्ट अभिनेताओं की सुरक्षा बढ़ाकर वाई-प्लस श्रेणी कर दी है।
मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा को लेकर अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। नए सुरक्षा प्लान के तहत मुंबई से बाहर जाने वाले चुनिंदा अभिनेताओं को अपनी यात्रा का पूरा विवरण पुलिस को देना होगा। इसमें उनका प्रस्तावित रूट, यात्रा की योजना और गंतव्य की जानकारी शामिल होगी।
पुलिस इस जानकारी के आधार पर उनके सफर के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेगी। अभिनेता के संबंधित शहर में पहुंचने से पहले ही वहां सुरक्षा जांच और सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि किसी संभावित खतरे को पहले ही टाला जा सके।
मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, किसी अभिनेता के दूसरे शहर में जाने की स्थिति में वहां के स्थानीय पुलिस थानों को पहले से सूचना दे दी जाएगी। संबंधित इलाके में पहुंचने के बाद स्थानीय पुलिस अभिनेता को सुरक्षा उपलब्ध कराएगी।
जब तक सेलिब्रिटी उस इलाके की सीमा से बाहर नहीं निकल जाते, तब तक स्थानीय पुलिस उनकी सुरक्षा पर नजर रखेगी। इसके लिए मुंबई पुलिस और दूसरे राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय बनाया जा रहा है।
पुलिस की सुरक्षा रणनीति केवल अभिनेताओं की सुरक्षा श्रेणी बढ़ाने तक सीमित नहीं है। कुछ मामलों में सुरक्षा श्रेणी में बदलाव किए बिना ही अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
सूत्रों के अनुसार, कम से कम दो ए-लिस्ट अभिनेताओं की सुरक्षा बढ़ाकर वाई-प्लस श्रेणी कर दी गई है। इनमें से एक अभिनेता की सुरक्षा पहले एक्स श्रेणी में थी, जबकि दूसरे अभिनेता को वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई थी।
इसके अलावा गैंग के निशाने पर बताए जा रहे कुछ अभिनेताओं के परिवार के सदस्यों और करीबियों की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। कुछ परिजनों को एक्स श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। टाइगर श्रॉफ के घर समेत कई सितारों के आवासों पर भी सुरक्षा का पहरा सख्त कर दिया गया है। एक अभिनेता के घर पर बुलेटप्रूफ ढांचा तक लगाया गया है।
दरअसल, 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद बॉलीवुड में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। जुहू के पुष्पा पार्क के पास एक फुटबॉल ग्राउंड से निकलते समय बाइक सवार तीन हमलावरों ने उनकी कार पर कम से कम तीन राउंड फायरिंग की थी।
इस हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए थे, हालांकि उनका ड्राइवर और एक राहगीर घायल हो गए थे। बाद में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के विदेश में बैठे सरगना अनिल पंडित ने एक ऑडियो संदेश जारी कर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। संदेश में टाइगर को सलमान खान के साथ काम नहीं करने की चेतावनी भी दी गई थी।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम मुंबई में हुई कई चर्चित वारदातों में सामने आ चुका है।
फरवरी 2026: फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर गोलीबारी।
अप्रैल 2024: सलमान खान की बांद्रा स्थित बिल्डिंग के बाहर फायरिंग।
अक्टूबर 2024: पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी की हत्या।
18 अक्टूबर: अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग।
इन घटनाओं के बाद मुंबई पुलिस अब बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से मजबूत कर रही है। पुलिस उन कलाकारों को भी सुरक्षा उपलब्ध करा रही है, जिन्हें सीधे तौर पर धमकी नहीं मिली है, लेकिन वे गैंग के निशाने पर बताए जा रहे सितारों के करीबी हैं।
फिलहाल सुरक्षा कारणों से वाई-प्लस श्रेणी पाने वाले दोनों अभिनेताओं के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
Location : Mumbai
Published : 15 November 2026, 1:59 PM IST
Topics : Bollywood Gangster Threat Lawrence Bishnoi Gang Mumbai Police Security Tiger Shroff Firing Case