Mumbai News: क्या बिश्नोई गैंग मुंबई में फिर लौटाना चाहता है 90 के दशक वाला अंडरवर्ल्ड का खौफ? पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

मुंबई में लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर 90 के दशक जैसा अंडरवर्ल्ड खौफ पैदा करने की कोशिश का शक है। टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 12वीं गिरफ्तारी और पैसों के लेन-देन की जांच से जुड़े अहम खुलासे जानिए।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 31 October 2026, 9:46 AM IST
google-preferred

Mumbai: मुंबई में 90 के दशक के अंडरवर्ल्ड का नाम सुनते ही बड़े कारोबारी और फिल्मी हस्तियां तक डर जाती थीं। अब पुलिस को शक है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग भी शहर में इसी तरह का खौफ पैदा करना चाहता है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गैंग की मंशा है कि उसके नाम से भी लोगों में वैसा ही डर बने, जैसा कभी अंडरवर्ल्ड के नाम से हुआ करता था। टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच को कुछ ऑडियो क्लिप मिले हैं, जिनमें अंडरवर्ल्ड का जिक्र सुनाई देता है।

बिल्डरों और फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाने की आशंका

मुंबई पुलिस की जांच के मुताबिक, गैंग बड़ी वारदातों के जरिए शहर में अपना दबदबा कायम करना चाहता है। जांच एजेंसियों को शक है कि वह दाऊद इब्राहिम और डी-कंपनी के पुराने प्रभाव को चुनौती देकर मुंबई में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहता है।

पुलिस को यह भी आशंका है कि बिल्डरों और फिल्मी हस्तियों के बीच डर पैदा करके बड़े पैमाने पर रंगदारी वसूलने की रणनीति बनाई जा रही है। हालांकि, इन मंसूबों और नेटवर्क को लेकर जांच अभी जारी है।

Mumbai Pollution: मुंबई की हवा हुई दमघोंटू, BMC ने लागू किए 28 नियम, उल्लंघन पर निर्माण स्थल होंगे सील

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 12वां आरोपी गिरफ्तार

इसी बीच, अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने हरियाणा से 12वें आरोपी अमन को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में साजिश के लिए पैसों के लेन-देन से जुड़े अहम तथ्य सामने आए हैं।

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, पहले गिरफ्तार आरोपी कुणाल के कहने पर अमन ने आरोपी महिला राधा के बैंक खाते में ऑनलाइन 12 हजार रुपये भेजे थे। यह रकम उस समय ट्रांसफर की गई, जब राधा दिल्ली से हथियारों की खेप लेकर मुंबई आने वाली थी।

50 हजार रुपये के ट्रांसफर से जुड़ी कड़ी

जांच में पता चला है कि अमन, कुणाल का पड़ोसी और करीबी दोस्त है। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग की घटना से करीब एक महीने पहले मुख्य साजिशकर्ता अनिल पंडित के जरिए कुणाल ने अमन के बैंक खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए थे। इसी रकम में से 12 हजार रुपये राधा के खाते में भेजे गए थे। पुलिस अब इस लेन-देन की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।

मुंबई ATS की बड़ी कार्रवाई… टेलीग्राम पर भड़काऊ पोस्ट करने के आरोप में रैपिडो ड्राइवर गिरफ्तार

बैंक खातों की मनी ट्रेल खंगाल रही क्राइम ब्रांच

क्राइम ब्रांच को शक है कि अमन के बैंक खाते का इस्तेमाल दूसरे आरोपियों और संदिग्धों तक भी पैसे पहुंचाने के लिए किया गया। पुलिस दोनों बैंक खातों के रिकॉर्ड और पूरी मनी ट्रेल की पड़ताल कर रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अमन को जानकारी थी कि उसके खाते का इस्तेमाल आपराधिक साजिश में हो रहा है।

इसी आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसियां अब ऑडियो क्लिप, पैसों के लेन-देन और आरोपियों के आपसी संपर्कों को जोड़कर पूरे नेटवर्क की भूमिका समझने की कोशिश कर रही हैं।

Location :  Mumbai

Published :  31 October 2026, 9:46 AM IST

Advertisement