हिंदी
पीएम मोदी (Image Source: X)
New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के दौरान पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में कुछ लोगों ने न तो आदिवासी समुदायों को समझा और न ही उनकी परवाह की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम मोदी ने इस दौरान करीब 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य आदिवासी समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। इस दौरान प्रधानमंत्री ने करीब 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
प्रधानमंत्री ने इनमें से 173 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें आदिवासी छात्रों के लिए बनाए गए 38 एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूल (EMRS) और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान के तहत तैयार किए गए 100 बहुउद्देशीय केंद्र शामिल हैं।
इन बहुउद्देशीय केंद्रों के जरिए सरकारी सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने और सामुदायिक गतिविधियों के संचालन में मदद मिलेगी। इसके अलावा पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत कई अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया। इन विकास योजनाओं का मकसद आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार के साधनों और सामुदायिक बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है।
जनजातीय दिवस पर PM मोदी ने किया 246 परियोजनाओं का उद्घाटन (Image Source: X)
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देशभर के आदिवासी समुदाय के लोगों से बातचीत की। इस दौरान गुजरात के भरूच जिले की नेत्रंग तहसील के हथाकुंडी गांव के वजीर ने गुजरात सरकार की न्यू गुजरात पैटर्न योजना से मिले लाभ के बारे में बताया।
वजीर ने प्रधानमंत्री को बताया कि वर्ष 2004 में उन्हें इस योजना के तहत ट्रेनिंग मिली थी। इसमें बांस से चीजें बनाने का प्रशिक्षण दिया गया था। उन्होंने कहा कि पीएम-जनमन के तहत भी उन्हें कई अन्य योजनाओं का लाभ मिला है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री, गुजरात सरकार और केंद्र सरकार का आभार जताया।
वजीर की बात सुनने के बाद प्रधानमंत्री ने बांस से जुड़े पुराने कानून का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने एक बड़ी चाल चलते हुए बांस को पेड़ की श्रेणी में रख दिया था। इसके कारण बांस काटने वाले व्यक्ति को जेल में डाल दिया जाता था। पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद इस कानून को खत्म कर देना चाहिए था, लेकिन पिछली सरकारों में कुछ लोगों ने न तो आदिवासी समुदायों को समझा और न ही उनकी परवाह की।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि जब उनकी सरकार सत्ता में आई तो इस कानून को खत्म किया गया और यह सुनि
Janjatiya Gaurav Diwas celebrates the rich heritage, culture and contributions of India's tribal communities. https://t.co/jaafdnMJ6n
— Narendra Modi (@narendramodi) November 15, 2026
श्चित किया गया कि आदिवासियों को बांस पर पूरा अधिकार मिले।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के यवतमाल के रहने वाले और पीएम-जनमन योजना के लाभार्थी कृष्णा नागोराव टेका ने भी प्रधानमंत्री से अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पहले बारिश के मौसम में उनके घर में रहना काफी मुश्किल होता था। कीड़े-मकोड़ों की वजह से भी परेशानी होती थी।
कृष्णा नागोराव टेका ने कहा कि अब पीएम-जनमन योजना के तहत उन्हें पक्का घर, शौचालय और दूसरी सुविधाएं मिली हैं। इससे पहले जिन परेशानियों का सामना करना पड़ता था, अब उनसे राहत मिली है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।
इस पर पीएम मोदी ने कहा कि पीएम-जनमन मिशन से कृष्णा और उनके गांव के लोगों की जिंदगी में बदलाव आया है, यह जानकर उन्हें बहुत खुशी हुई। उन्होंने कहा कि इससे ज्यादा संतोष उन्हें किसी और बात से नहीं मिल सकता। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि गांव तक सभी सुविधाएं पहुंच गई हैं और वहां के लोग अपनी सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़े हुए हैं।
वहीं, हैदराबाद के सबावत अन्वेष ने भी प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पीएम श्री स्कूल (प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया) योजना शुरू होने से लोगों को उच्च शिक्षा हासिल करने में मदद मिल रही है।
Location : New Delhi
Published : 15 November 2026, 4:14 PM IST