Chhath Puja: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के लिए बाजारों में फलों और पूजन सामग्री की खरीदारी करने उमड़े श्रद्धालु

छठ पूजा की खासियत है कि इसमें प्रकृति और सूर्य देव की उपासना के साथ परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है। व्रती महिलाएं और उनके परिवार के सदस्य पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल, सूप और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटे हुए हैं। पर्व को लेकर घरों में कई दिनों पहले से तैयारियां शुरू हो जाती हैं और महिलाएं पूरे श्रद्धा भाव से पूजा की तैयारी करती हैं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 15 November 2026, 2:21 PM IST
google-preferred

Chandauli: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर यानी मुगलसराय के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। छठी मैया की पूजा के लिए बाजारों में फलों और पूजन सामग्री की खरीदारी करने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। कोई सूप में सजाने के लिए तरह-तरह के फल खरीद रहा है, तो कोई पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। बाजार में चारों तरफ छठी मैया के प्रति आस्था और भक्ति का उत्साह देखने को मिल रहा है।

छठी मैया की भक्ति, लोक परंपरा और अटूट आस्था का प्रतीक छठ महापर्व के दिन करीब आ रहे हैं, वैसे-वैसे बाजारों की रौनक भी बढ़ती जा रही है। मुगलसराय में सुबह से ही फलों की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। सेब, संतरा, मौसमी, नाशपाती, आलूबुखारा, नारियल, नींबू और अनानास समेत कई तरह के फल खरीदे जा रहे हैं। व्रती महिलाएं और उनके परिवार के सदस्य पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल, सूप और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटे हुए हैं।

छठ का खरना मनाने गए थे दंपति, लौटे तो बिखर गईं खुशियां! बेटे की शादी के गहने तक ले गए चोर, रोती रही मां

यह पर्व केवल पूजा नहीं विश्वास का प्रतीक

संगीता बताती हैं कि वह अपनी जेठानी के साथ छठ व्रत करती हैं। उनके लिए यह पर्व केवल पूजा नहीं, बल्कि तप, साधना और विश्वास का प्रतीक है। नहाय-खाय से शुरू होकर खरना, संध्या अर्घ्य और उगते सूर्य को अर्घ्य देने तक चलने वाला यह चार दिवसीय महापर्व बेहद कठिन होता है। उनका कहना है कि छठी मैया से मांगी गई मन्नतें पूरी हुई हैं, इसलिए उनकी आस्था और विश्वास पहले से भी अधिक मजबूत हुआ है।

छठ पूजा की खासियत है कि इसमें प्रकृति और सूर्य देव की उपासना के साथ परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है। बांस के सूप और दउरा में फल, नारियल और पारंपरिक प्रसाद सजाकर छठी मैया को अर्पित किया जाता है। यही वजह है कि इस पर्व की तैयारियों में महिलाओं का उत्साह देखते ही बनता है।

आरती बताती हैं कि छठ महापर्व की विशेष मान्यता है। इस पूजा में सूप में तरह-तरह के फल और प्रसाद रखकर छठी मैया को अर्पित किया जाता है। पर्व को लेकर घरों में कई दिनों पहले से तैयारियां शुरू हो जाती हैं और महिलाएं पूरे श्रद्धा भाव से पूजा की तैयारी करती हैं।

त्योहारों में रेलवे का बड़ा तोहफा: आगरा से दिल्ली और झांसी के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन

फलों और पूजन सामग्री की खरीदारी करने श्रद्धालुओं की भीड़

फलों और पूजन सामग्री की खरीदारी करने श्रद्धालुओं की भीड़

 पर्व पर कारोबार भी अच्छा रहता है

छठ पूजा के चलते फल विक्रेताओं के चेहरे पर भी खुशी दिखाई दे रही है। फल विक्रेता रानी देवी के मुताबिक, पर्व के दौरान फलों की मांग काफी बढ़ जाती है। सुबह दस बजे के बाद ग्राहकों की संख्या में तेजी आई और अलग-अलग तरह के फलों की खरीदारी होने लगी। उनका कहना है कि छठी मैया की कृपा से इस पर्व पर कारोबार भी अच्छा रहता है।

कुल मिलाकर, मुगलसराय के बाजारों में छठ पूजा की रौनक देखते ही बन रही है। कहीं फलों की खरीदारी हो रही है, तो कहीं घरों में पूजा की तैयारियां चल रही हैं। आस्था, परंपरा और पवित्रता से जुड़ा यह महापर्व एक बार फिर लोगों को भक्ति के रंग में रंग रहा है। अब श्रद्धालुओं को भगवान भास्कर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और छठी मैया की आराधना के पावन क्षणों का इंतजार है।

 

Location :  chandauli

Published :  15 November 2026, 2:18 PM IST

Advertisement