यूपी विधानसभा चुनाव 2027: बूथों की सुरक्षा से वोटर लिस्ट तक, डीएम ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर हाथरस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएम सत्य प्रकाश पटेल ने सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। वहीं एसपी ने मतदाताओं को डराने और प्रभावित करने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने को कहा है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 November 2026, 2:09 PM IST
google-preferred

Hathras: विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हाथरस में प्रशासन ने सुरक्षा और चुनावी तैयारियों को लेकर सख्ती बढ़ानी शुरू कर दी है। चुनाव के दौरान किसी मतदाता को डराने, धमकाने या मतदान से रोकने की कोशिश हुई तो ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके लिए सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट अब सिर्फ फाइलों में बूथों की स्थिति नहीं देखेंगे, बल्कि मौके पर पहुंचकर जमीनी हकीकत भी जांचेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम में प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ निर्देश दिए कि चुनाव की तैयारियों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करने, मतदान केंद्रों की व्यवस्था जांचने और मतदाताओं के बीच भय का माहौल पैदा करने वालों की पहचान करने को कहा गया है।

संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर रहेगी खास नजर

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने में सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारियों की भूमिका बेहद अहम है। इसलिए सभी अधिकारी अपने आवंटित क्षेत्रों में जाकर मतदान केंद्रों की वास्तविक स्थिति का जायजा लें। उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया जाए।

हाथरस हत्याकांड: बिसाना में युवक की गोली मारकर हत्या, एनकाउंटर एक्शन की मांग पर अड़ा परिवार, भारी पुलिस बल तैनात

बिजली, पानी और शौचालय की होगी जांच

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध न्यूनतम सुविधाओं को लेकर भी अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोलिंग स्टेशन तक पहुंचने वाले रास्तों, सड़कों, पुलियाओं और मतदान केंद्रों के भवनों की स्थिति का भौतिक सत्यापन कराया जाए। इसके साथ ही बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप, दरवाजे और खिड़कियों की स्थिति भी जांची जाए। जहां कहीं कोई कमी मिले, उसे चिह्नित कर समयसीमा के भीतर दूर कराया जाए।

वोटर लिस्ट में 18 साल के युवाओं के नाम जोड़ने पर जोर

चुनावी तैयारियों के साथ मतदाता सूची को दुरुस्त करने पर भी प्रशासन का विशेष फोकस है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं। इसके अलावा महिलाओं और अन्य पात्र नागरिकों का नाम भी सूची में दर्ज कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

Hathras News

विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रशासन अलर्ट (IMG: Dynamite News)

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 21, 22, 27 और 28 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन तारीखों पर बूथों पर बूथ लेवल ऑफिसर यानी बीएलओ की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को कहा गया है कि इन दिनों पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और मतदाता सूची में जरूरी सुधार कराने की प्रक्रिया की निगरानी करें।

हाथरस में दिल दहला देने वाली वारदात: कौन है 4 साल की मासूम का दुश्मन, तीन दिन से लापता थी और अब मिली लाश

मतदाताओं को डराने वालों की होगी पहचान

बैठक में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में जाकर स्थानीय लोगों से बातचीत करने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि चुनाव से पहले वल्नरेबिलिटी मैपिंग यानी संवेदनशीलता का आकलन करना बेहद जरूरी है। इसके तहत ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाए, जो पहले कभी चुनाव के दौरान प्रभावित हुए हों या जिन्हें इस बार प्रभावित किए जाने की आशंका हो।

अधिकारियों को समझाई गई चुनावी जिम्मेदारी

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन कार्यों के लिए बनाए गए नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों से उनके दायित्वों और अब तक की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और तय समयसीमा में जिम्मेदारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

Location :  Hathras

Published :  15 November 2026, 2:09 PM IST

Advertisement