हिंदी
कानपुर सेंट्रल से निकलते ही बेपटरी हुई चौरीचौरा एक्सप्रेस (Image Source: Internet)
Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर में कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से रवाना होते ही चौरीचौरा एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। इस हादसे में ट्रेन के चार डिब्बे बेपटरी हो गए, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे महकमे में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, अनवरगंज से गोरखपुर जाने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 15003 कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर खड़ी थी। ट्रेन को गोरखपुर के लिए रवाना होना था। बताया जा रहा है कि ट्रेन को ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद जैसे ही वह स्टेशन से आगे बढ़ी, कुछ ही दूरी पर उसके चार डिब्बे पटरी से उतर गए।
बताया गया है कि ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 7 को पार करने ही वाली थी, तभी यह हादसा हुआ। अचानक डिब्बों के पटरी से उतरने के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए और बेपटरी हुए डिब्बों को दोबारा पटरी पर चढ़ाने की कोशिशें शुरू कर दी गईं।
हादसे के बाद रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। ट्रेन के चार डिब्बों को पटरी पर लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में किसी यात्री के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है।
स्टेशन से रवाना होते समय हुए इस हादसे के कारण रेलवे महकमे में हलचल मच गई। घटना के बाद रेलवे की ओर से बेपटरी हुए डिब्बों को हटाने और स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, हादसे की वजह को लेकर दी गई जानकारी में कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है।
इससे पहले असम में गुवाहाटी के पास डिगारू में सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन के पांच डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए थे। इस घटना में चार लोग मामूली रूप से घायल हुए थे। घायलों को सोनापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के एक प्रवक्ता के मुताबिक, कामरूप जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन पर किसी दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस को रोका जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट गति पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
50 हजार का इनामी गोवंश तस्कर कानपुर से गिरफ्तार, चार जिलों में दर्ज हैं 13 मुकदमे
एक अधिकारी ने बताया था कि यह घटना सुबह 6 बजकर 54 मिनट पर हुई। राहत ट्रेन को घटनास्थल पर भेजा गया था, ताकि बचाव अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त डिब्बों को पटरियों से हटाया जा सके। जानकारी के अनुसार, इस रेलखंड पर सामान्य परिचालन बहाल कर दिया गया था। पहले रोकी गई या रद्द की गई ट्रेनों ने भी धीरे-धीरे अपनी सामान्य यात्रा शुरू की।
Location : Kanpur
Published : 11 November 2026, 6:46 PM IST