हिंदी
बरेली के गुडविल मशीनरी स्टोर में आग लगी (Img: Dynamite News)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली शहर में मंगलवार आधी रात आग की दो घटनाओं से अफरातफरी मच गई। अयूब खां चौराहे पर मशीनरी की दुकान आग की लपटों में घिर गई तो उसे बुझाने के लिए पांच दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं। दुकान का शटर नहीं खुला तो जेसीबी से शटर और दीवार तोड़नी पड़ी।
अभी दमकलकर्मी यहां आग बुझाकर लौटे भी नहीं थे कि रामपुर गार्डन में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल के बिहारी कुंज भवन की दूसरी मंजिल पर आग लग गई। दोनों घटनाओं में दुकान और भवन का लाखों रुपये का सामान जल गया, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
ये भी पढ़ें: Bareilly News: केसर चीनी मिल पर प्रशासन का शिकंजा, 10 नवंबर तक भुगतान नहीं तो सील होगी संपत्ति, दर्ज होगी FIR
पहली घटना रात करीब 12:28 बजे कोतवाली क्षेत्र के अयूब खां चौराहे के पास हुई। रघुवंशी कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित गुडविल मशीनरी की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। दुकान में बैटरी का सामान होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। सूचना पर सिविल लाइंस फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन आग की लपटें देखकर दो और गाड़ियां सिविल लाइंस से और एक गाड़ी परसाखेड़ा से बुलानी पड़ी।
बरेली के गुडविल मशीनरी स्टोर में आग पर पाया काबू (Img: Dynamite News)
दमकलकर्मी लगातार पानी बरसाते रहे, लेकिन बंद शटर ने रास्ता रोक दिया। आग दुकान के अंदर धधक रही थी और बाहर से उसे बुझाना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में जेसीबी बुलाकर शटर के साथ दीवार भी तोड़ दी गई। रास्ता बनते ही दमकलकर्मी अंदर पहुंचे और पूरी ताकत से आग बुझाने में जुट गए। गाड़ियों का पानी खत्म हुआ तो नजदीकी हाइड्रेंट से पानी भरकर लाया गया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दुकान रविंद्र सिंह बिंद्रा की बताई गई है। आग में दुकान का सामान जलकर खाक हो गया।
ये भी पढ़ें: Bareilly: देखते ही देखते आग की लपटों में घिरा मकान, बाहर नहीं निकल पाईं लकवाग्रस्त द्रोपदी देवी
पहली घटना के बाद दमकल विभाग को रात करीब 3:40 बजे दूसरी सूचना मिली। इस बार आग रामपुर गार्डन के पीसी आजाद मार्ग स्थित बिहारी कुंज भवन की दूसरी मंजिल पर लगी थी। भवन कैंट विधायक संजीव अग्रवाल का है। उन्होंने दूसरी मंजिल अभिषेक और अभिलाष को किराये पर दे रखी थी। फ्लैट से धुआं निकल रहा था और अंदर आग लगी हुई थी। सूचना पर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची।
दूसरी मंजिल पर धुआं भरा होने के कारण आग बुझाना आसान नहीं था। एक फायरमैन को बीए सेट पहनाकर अंदर भेजा गया। इसके बाद आग बुझाने का अभियान शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग से दूसरी मंजिल पर रखा घरेलू सामान जल गया।
ये भी पढ़ें: Bareilly News: किसी का बच्चा बीमार, किसी की होने वाली सर्जरी; जनगणना ड्यूटी से बचने के लिए लगा रहे गुहार!
दोनों घटनाओं में नगर मजिस्ट्रेट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार गुप्ता के मुताबिक, दोनों जगह आग पूरी तरह बुझा दी गई। राहत की बात यह रही कि आग की चपेट में आने से किसी की जान नहीं गई।
Location : Bareilly
Published : 11 November 2026, 5:37 PM IST