दिल्ली पब्लिक स्कूल में DIG के 8 साल के बेटे से मारपीट, प्रिंसिपल समेत 3 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

DPS स्कूल में DIG के 8 साल के बेटे के साथ कथित मारपीट का मामला। आरोप है कि बच्चे को 1000 से ज्यादा छात्रों के सामने आरोपी की पहचान कराने के लिए घुमाया गया। प्रिंसिपल समेत तीन लोगों पर FIR दर्ज। देखिए पूरी खबर...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 15 November 2026, 7:06 PM IST
google-preferred

Lucknow News: लखनऊ के एक नामी स्कूल में आठ साल के बच्चे के साथ मारपीट और उसके बाद स्कूल मैनेजमेंट के व्यवहार ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि एक सीनियर छात्र ने रोबोटिक्स क्लास के दौरान डीआईजी के बेटे को किक मारकर जमीन पर गिरा दिया और सबके सामने गालियां दी। मामला यहीं नहीं रुका। पीड़ित बच्चे को आरोपी छात्र की पहचान कराने के नाम पर कक्षा 5 से 8 तक के सभी सेक्शन में घुमाया गया। इस दौरान उसे एक हजार से ज्यादा छात्रों के सामने जाना पड़ा। घटना से बच्चा मानसिक रूप से परेशान हो गया। डीआईजी की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल की प्रिंसिपल, काउंसलर और रोबोटिक्स शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

रोबोटिक्स क्लास में सीनियर छात्र ने बच्चे को मारी किक

मामला लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाले एक डीआईजी के 2 बच्चे दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) में पढ़ते हैं। उनकी बड़ी बेटी कक्षा 6 में है, जबकि आठ वर्षीय बेटा कक्षा 3 का छात्र है।आरोप है कि 15 अक्टूबर को रोबोटिक्स की क्लास के दौरान एक सीनियर छात्र ने डीआईजी के बेटे के साथ मारपीट की। उसने बच्चे को किक मारकर फर्श पर गिरा दिया। इसके बाद सबके सामने उसे गालियां भी दी। स्कूल की छुट्टी होने पर डीआईजी की पत्नी दोनों बच्चों को लेने पहुंची। इसी दौरान बच्चों ने उन्हें पूरी घटना के बारे में बताया। पत्नी से जानकारी मिलने के बाद डीआईजी ने अगले दिन स्कूल की प्रिंसिपल और काउंसलर से शिकायत की।

1000 से ज्यादा छात्रों के सामने कराई आरोपी की पहचान

डीआईजी का आरोप है कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की थी, लेकिन प्रिंसिपल, काउंसलर और रोबोटिक्स शिक्षक ने फुटेज देखने के बजाय बच्चे को आरोपी छात्र की पहचान कराने के लिए अलग-अलग कक्षाओं में घुमाया। बच्चे को कक्षा 5 से 8 तक के सभी सेक्शन में ले जाया गया। इस दौरान उसे एक हजार से ज्यादा छात्रों के सामने जाना पड़ा। डीआईजी का कहना है कि स्कूल प्रबंधन को पहले से जानकारी थी कि रोबोटिक्स के सीनियर छात्र उस दिन बाहरी प्रतियोगिता में शामिल होने गए थे। इसके बावजूद उनके बेटे को सभी कक्षाओं में ले जाकर पहचान कराने की कोशिश की गई।

शिक्षकों और सहपाठियों के बीच बच्चे का उड़ाया गया मजाक

डीआईजी के मुताबिक, इस पूरी घटना के बाद शिक्षकों और सहपाठियों के बीच बच्चे का मजाक उड़ाया गया। स्कूल के जिम्मेदार पदाधिकारियों के इस व्यवहार से उनके बेटे को गहरा मानसिक आघात पहुंचा। उनका आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने संबंधित लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने की कोशिश की। डीआईजी ने इस मामले की लिखित शिकायत जिलाधिकारी (DM), जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS), स्कूल सोसाइटी और प्रबंधन समिति के चार वरिष्ठ अधिकारियों से भी की थी। आरोप है कि शिकायत के बाद परिवार पर मामला वापस लेने और समझौता करने का दबाव बनाया गया।

प्रिंसिपल, काउंसलर और शिक्षक के खिलाफ FIR

स्कूल प्रबंधन के रवैये से नाराज डीआईजी ने 28 अक्टूबर को पीजीआई थाने में शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस ने 11 नवंबर को स्कूल की प्रधानाचार्य गुंजन साहनी, काउंसलर अमीषा और रोबोटिक्स शिक्षक नदीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।

हाईप्रोफाइल मामला, पुलिस अधिकारियों ने साधी चुप्पी

मामले के हाईप्रोफाइल होने के बावजूद पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और पीजीआई इंस्पेक्टर ने इस प्रकरण पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। वहीं, खबर लिखे जाने तक स्कूल प्रबंधन की ओर से भी कोई पक्ष सामने नहीं आया है।

Location :  Lucknow

Published :  15 November 2026, 6:55 PM IST

Related News

Advertisement