हिंदी
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मलीरा गांव में स्थित तिरुपति एंटरप्राइजेज नामक फैक्ट्री के बाहर चल रहे धरना-प्रदर्शन ने उस समय विवाद का रूप ले लिया, जब फैक्ट्री मालिक ने प्रदर्शनकारियों पर दीवार फांदकर अंदर घुसने और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया।
तोड़फोड़ के आरोप में कई पर मुकदमा दर्ज
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर जनपद के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मलीरा गांव में स्थित तिरुपति एंटरप्राइजेज नामक फैक्ट्री के बाहर चल रहे धरना-प्रदर्शन ने उस समय विवाद का रूप ले लिया, जब फैक्ट्री मालिक ने प्रदर्शनकारियों पर दीवार फांदकर अंदर घुसने और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद व्यक्तियों सहित 70 से 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों और स्थानीय लोगों द्वारा फैक्ट्री पर प्रदूषण फैलाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारी कथित रूप से फैक्ट्री परिसर की बाउंड्री पार कर अंदर घुस गए और वहां तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया। इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव मलीरा में टायरों से तेल निकालने वाली फैक्ट्री के बाहर करीब 80 से 100 लोग धरना दे रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने सार्वजनिक व्यवस्था की सीमा का उल्लंघन करते हुए फैक्ट्री की बाउंड्री पार की और अंदर तोड़फोड़ की। उन्होंने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को नामजद करते हुए तथा 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुजफ्फरनगर के मलीरा गांव में तिरुपति एंटरप्राइजेज फैक्ट्री पर प्रदूषण के आरोप को लेकर चल रहे प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ का मामला सामने आया।
#Muzaffarnagar #CrimeNews #protestvote2026 pic.twitter.com/MadaMY85I4
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) February 11, 2026
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई है।