World Food Safety Day 2025: दूषित भोजन से हर दिन बीमार होते हैं लाखों लोग, जानिए कैसे बचाएं अपनी सेहत

विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस इसका उद्देश्य दुनियाभर में लोगों को को भोजन की स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर जागरूक करना है। डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट में जानिए क्यों है ये दिन इतना खास

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 7 June 2025, 7:37 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: हर साल 7 जून को विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस (World Food Safety Day) मनाया जाता है। इसका उद्देश्य दुनियाभर में लोगों को भोजन की स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर जागरूक करना है। वर्ष 2025 की थीम है – "Food Safety: Science in Action", यानी "खाद्य सुरक्षा में विज्ञान की भूमिका"। इस विषय के ज़रिए यह समझाने की कोशिश की जा रही है कि विज्ञान के जरिये हम यह जान सकते हैं कि भोजन कैसे दूषित होता है और उसे सुरक्षित रखने के क्या उपाय हैं।

WHO की चिंताजनक रिपोर्ट

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, हर साल लगभग 60 करोड़ लोग दूषित भोजन के कारण बीमार पड़ते हैं, और इनमें से करीब 4 लाख लोगों की मृत्यु हो जाती है। अकेले हर दिन करीब 16 लाख लोग खराब या असुरक्षित भोजन के चलते किसी न किसी स्वास्थ्य समस्या का सामना करते हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि फूड सेफ्टी केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का अहम हिस्सा है।

दूषित भोजन से हो सकती हैं ये गंभीर बीमारियां

  • फूड प्वाइजनिंग: दूषित भोजन में मौजूद बैक्टीरिया, वायरस या रसायन के कारण उल्टी, दस्त, पेट दर्द और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। यह एक आम लेकिन कई बार जानलेवा स्थिति बन सकती है।
  • फूड इंफेक्शन: पुराने या बासी भोजन के सेवन से शरीर में संक्रमण फैल सकता है, जिससे बुखार, कमजोरी और पेट में ऐंठन हो सकती है।
  • लिवर की समस्याएं: दूषित खाना लंबे समय तक खाने से लीवर पर बुरा असर पड़ सकता है। इससे लीवर की कार्यक्षमता प्रभावित होती है और हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ता है।
  • नोरोवायरस और हेपेटाइटिस A: ये वायरस खराब पानी या खाने के माध्यम से शरीर में प्रवेश करते हैं और गंभीर वायरल इंफेक्शन का कारण बन सकते हैं।

कैसे रखें अपने भोजन को सुरक्षित

  • खाना पकाने से पहले और बाद में हाथ जरूर धोएं। कम से कम 20 सेकंड तक साबुन से हाथ धोना जरूरी है।
  • फल, सब्जियों और मांस को अच्छे से धोएं और पकाएं। अधपका मांस या अंडा खतरनाक साबित हो सकता है।
  • किचन की सफाई बनाए रखें। बर्तन, चॉपिंग बोर्ड और किचन काउंटर को नियमित रूप से साफ करें।
  • फ्रेश और सुरक्षित सामग्री ही खरीदें। मांस, मछली और डेयरी उत्पादों की ताजगी जांचें।
  • खुले में रखे खाने से परहेज करें। स्ट्रीट फूड यदि साफ नहीं है तो खाने से बचें।
  • उबला हुआ और शुद्ध पानी ही पिएं। दूषित पानी कई गंभीर बीमारियों की वजह बन सकता है।

सरकार और नागरिकों की जिम्मेदारी

खाद्य सुरक्षा केवल सरकार या रेस्तरां मालिकों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उपभोक्ताओं को भी चाहिए कि वे भोजन की गुणवत्ता को लेकर जागरूक रहें, लेबल पढ़ें, एक्सपायरी डेट चेक करें और खराब भोजन को तुरंत नष्ट करें।

Location : 

Published :