Maharajganj News: जिलाधिकारी ने किया जिला कारागार महराजगंज का निरीक्षण, कैदियों की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने 26 अगस्त को जिला कारागार का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैदियों से संवाद किया, महिला बैरक का जायजा लिया, स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की और बंदियों के बच्चों को फल व मिष्ठान्न वितरित किए।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 26 August 2025, 4:03 PM IST
google-preferred

Maharajganj: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को जिला कारागार का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सामान्य बैरक, महिला बैरक, कारागार चिकित्सालय और जेल परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने बंदियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कैदियों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाए। न्यायिक प्रक्रियाओं जैसे जमानत, पेशी और गवाही के मामलों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से समन्वय स्थापित कर बंदियों को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।

सामान्य पाई गईं व्यवस्थाएं

बैरक की जांच के दौरान सभी व्यवस्थाएं सामान्य पाई गईं, लेकिन जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन को नियमित रूप से आकस्मिक जांच कराने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि कैदियों को जेल मैन्युअल के अनुसार मिलने वाली सुविधाओं में कोई कमी नहीं होनी चाहिए।

कारागार चिकित्सालय का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने रोगियों का हाल जाना और स्वास्थ्य परीक्षण की नियमित व्यवस्था बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बीमार बंदियों को तत्काल चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए और स्वस्थ होने के बाद उन्हें तुरंत बैरक में स्थानांतरित किया जाए।

महिला बैरक का किया निरीक्षण

महिला बैरक के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महिला बंदियों से बातचीत कर उनकी स्थिति जानी। उन्होंने उन्हें भरोसा दिलाया कि जिला व जेल प्रशासन उनकी हरसंभव सहायता करेगा। महिला बंदियों के शिशुओं की शिक्षा व्यवस्था पर जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी को बताया गया कि वर्तमान में तीन शिशुओं को जेल स्टाफ की देखरेख में नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र भेजा जाता है। जिलाधिकारी ने बच्चों को फल और मिष्ठान्न वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जेल परिसर की साफ–सफाई और समुचित व्यवस्था देखकर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि कैदियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और अधिकारों की अनदेखी न हो तथा समय-समय पर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाती रहे।

वर्तमान में जिला कारागार महराजगंज में कुल 643 बंदी निरुद्ध हैं। इनमें 566 पुरुष बंदी, 42 महिला बंदी और 42 अल्पवयस्क बंदी शामिल हैं। इसके अलावा जेल में 9 विदेशी बंदी भी निरुद्ध हैं। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, जेल अधीक्षक बी.के. गौतम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 26 August 2025, 4:03 PM IST