हिंदी
अखिलेश यादव (Img: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर चुनावी मोड में दिखने लगी है। इस बार सियासी तापमान बढ़ाने का काम खुद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किया है। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव का रोडमैप सामने रखा और जनता से जुड़े बड़े वादे भी किए। राजनीतिक गलियारों में इसे सपा का अर्ली मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। जिसने अभी से सत्ता की जंग को और दिलचस्प बना दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो जनता को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं के लिए सालाना 40 हजार की पेंशन देने का भी ऐलान किया। इन घोषणाओं को उन्होंने सीधे तौर पर आम जनता की आर्थिक राहत से जोड़ते हुए पेश किया। जिससे चुनावी माहौल अभी से गर्म होता नजर आ रहा है।
अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने महंगाई, गैस सिलेंडर और बिजली बिल को लेकर सरकार को घेरा और कहा कि यही मुद्दे भाजपा की सत्ता की नींव को कमजोर करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं का शोषण हो रहा है। इसे ईवीएम से जोड़ते हुए कहा कि जैसे ईवीएम पर सवाल उठते हैं। वैसे ही बिजली मीटर भी पारदर्शी नहीं हैं।
सपा महिला मोर्चा को मिला नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, जानिए अखिलेश यादव ने किसे सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य और कृषि व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अस्पतालों की हालत खराब है और मरीजों को सही इलाज नहीं मिल पा रहा। वहीं किसानों को खाद की कमी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार को लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ बताते हुए व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।
2024 लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत झोंकनी होगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह जनता ने लोकसभा में बदलाव का संकेत दिया, उसी तरह अब हर विधानसभा सीट पर जीत सुनिश्चित करनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करें और जनता को जोड़ें।
Location : Lucknow
Published : 21 April 2026, 6:36 PM IST