हिंदी
दंपति को घर में घुसकर पीटा
महराजगंज के भिटौली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। सुबह-सुबह एक दंपति पर उनके ही घर के दरवाजे पर हमला कर दिया गया, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई। घटना ने एक बार फिर गांवों में बढ़ते आपसी विवाद और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामला ग्राम पंचायत पिपरा खादर का है। जहां सोमवार सुबह करीब 8 बजे प्रियंका पाण्डेय अपने पति जय प्रकाश पाण्डेय के साथ स्कूल जाने के लिए घर से निकल रही थीं। तभी अचानक उनके जेठ ओम प्रकाश पाण्डेय वहां पहुंच गए और बिना किसी बात के गाली-गलौज शुरू कर दी। शुरुआत में मामला सिर्फ बहस तक सीमित लगा लेकिन थोड़ी ही देर में यह मारपीट में बदल गया।
महराजगंज में खौफनाक वारदात! भिटौली थाना क्षेत्र के पिपरा खादर गांव में पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर दंपति पर बेरहमी से हमला। सुबह स्कूल जाते वक्त हुआ हमला, पत्नी भी घायल। वीडियो वायरल, इलाके में दहशत। पुलिस ने आरोपी का शांति भंग में चालान किया। @maharajganjpol #Maharajganj… pic.twitter.com/j0NgEHNTGQ
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 20, 2026
प्रियंका पाण्डेय के मुताबिक जब उनके पति ने गाली-गलौज का विरोध किया तो आरोपी और ज्यादा आक्रामक हो गया और सीधे मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान जब प्रियंका अपने पति को बचाने पहुंचीं तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई और उन्हें चोटें आईं। पीड़िता ने बताया कि आरोपी सुबह गोरखपुर से गांव आया था और आते ही हमला कर दिया।
घटना ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब आरोपी डंडा लेकर घर के अंदर तक घुस आया। इसके बाद उसने दंपति को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जान बचाने के लिए दोनों घर के अंदर भागे लेकिन आरोपी वहां भी पीछे-पीछे पहुंच गया। इस दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जिसके बाद आरोपी ग्रामीणों को देखकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मारपीट और अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है।खासकर पीड़ित परिवार मानसिक रूप से काफी सहमा हुआ है।
इस मामले में भिटौली थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार रॉय ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हो गई है। प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए आरोपी ओम प्रकाश पाण्डेय का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 20 April 2026, 8:02 PM IST
Topics : assault case Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Maharajganj Crime UP Crime News Viral video