हिंदी
मीथेन गैस विस्फोट बना हादसे की वजह (Img: X)
Sikkim: सिक्किम के नामची जिले के समरदुंग (झोलुंगे) स्थित एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुए भीषण हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। हादसे में अब तक 20 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि पांच श्रमिक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
एनएचपीसी के अनुसार, सुरंग के भीतर चट्टानों में फंसी संदिग्ध मीथेन गैस के अचानक विस्फोट से यह हादसा हुआ। विस्फोट के बाद सुरंग में जहरीली गैस और घना धुआं फैल गया, जिससे अंदर काम कर रहे मजदूर बाहर नहीं निकल सके। यह हादसा सोमवार दोपहर करीब एक बजे हुआ था।
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस, चिकित्सा दल और ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के विशेषज्ञ चौबीसों घंटे बचाव अभियान चला रहे हैं। पश्चिम बंगाल से विशेष माइनिंग रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। अब तक 12 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें से सात की पहचान हो गई है। शेष शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। विधानसभा में भी मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। केंद्र और राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है।
निर्माण कार्य कर रही पटेल इंजीनियरिंग लिमिटेड (PEL) ने कहा कि उसकी टीम प्रशासन और बचाव एजेंसियों के साथ मिलकर लगातार राहत कार्य में जुटी है। कंपनी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। वहीं राज्य सरकार ने रंगपो में मृतकों की पहचान के लिए विशेष व्यवस्था करने और अन्य राज्यों से आए श्रमिकों के परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने दुर्घटनास्थल का दौरा कर मीथेन गैस विस्फोट और सुरंग ढहने के कारणों की जांच के लिए विशेष समिति गठित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे देश की नजर रेस्क्यू अभियान और जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
Location : Sikkim
Published : 22 July 2026, 8:28 AM IST
Topics : NHPC sikkim Tunnel Accident