गर्मी से राहत के दिन गिने-चुने! आज प्रयागराज-आगरा समेत कई जिलों में बरसेंगे बादल, फिर बढ़ेगा 8 डिग्री तक पारा

यूपी में मानसून के असर से मौसम सुहाना हो गया है। IMD ने आज प्रयागराज, आगरा समेत 10 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, गुरुवार से मानसून कमजोर पड़ेगा और तापमान में 5-8 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ उमस फिर परेशान करेगी।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 22 July 2026, 7:49 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से हो रही लगातार बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दिलाई है। प्रदेश के तापमान में काफी गिरावट आई है और ठंडी हवाओं के साथ मौसम बेहद खुशनुमा हो गया है।

नोएडा, गाजियाबाद से लेकर लखनऊ तक आसमान में बादलों का डेरा जमा हुआ है। कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी से सुबह की शुरुआत हुई। इस रिमझिम बारिश ने न केवल लोगों को राहत दी है, बल्कि फसलों के लिए भी इसे संजीवनी माना जा रहा है।

आज 10 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज 22 जुलाई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की गर्जना और बिजली चमकने के साथ भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आगरा, प्रयागराज, चित्रकूट, झांसी, बांदा, महोबा, जालौन, हमीरपुर, ललितपुर, मीरजापुर और सोनभद्र में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा फतेहपुर, कौशांबी और संत रविदास नगर में लगभग सभी जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार हवाओं के साथ झमाझम बारिश के आसार हैं।

Nainital: लगातार बारिश से जनजीवन बेहाल, मलबा रास्ते पर आने से लोगों की बढ़ी मुश्किलें

दिल्ली-एनसीआर और लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी लखनऊ में सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। दोपहर के बाद शहर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं नोएडा और गाजियाबाद में घने बादलों के साथ हल्की बारिश हो रही है, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई है। मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, कानपुर, वाराणसी और जौनपुर समेत अन्य जिलों में भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।

बीते दो दिनों में 102 मिमी बारिश

मानसून की इस सक्रियता से पिछले दो दिनों के भीतर प्रदेश में औसतन 102 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बारिश के इस आंकड़े से किसानों के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा सकती है। पानी की सही मात्रा मिलने से खेतों में खड़ी फसलों को जबरदस्त फायदा होगा और आने वाले रबी सीजन के लिए भी जमीन में नमी का स्तर बेहतर हो जाएगा।

उत्तर भारत में बारिश बनी आफत! बादल फटते ही खिलौनों की तरह बहीं गाड़ियां, 23 मौतों से दहला जम्मू-कश्मीर

गुरुवार से फिर सताएगी तीखी गर्मी

हालांकि, यह राहत बहुत लंबे समय तक टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार से प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ जाएगी। इसके बाद बारिश का दौर कम होने लगेगा और आसमान साफ होते ही एक बार फिर तीखी धूप और उमस लोगों को परेशान करेगी। आने वाले अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

Location :  Lucknow

Published :  22 July 2026, 7:49 AM IST

Related News

Advertisement