हिंदी
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में नई मंडी थाना पुलिस और एक शातिर वाहन चोर के बीच पुलिस मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर नई मंडी थाना पुलिस सिलाजुड्डी नहर पुलिया पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जानसठ की ओर से आ रहे एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।
भागने के दौरान उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़
घायल आरोपी की पहचान ककरौली थाना क्षेत्र के तेवड़ा गांव निवासी ओसामा पुत्र अहमद हसन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
आरोपी से तमंचा बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ वाहन चोरी, अवैध हथियार रखने और हत्या के प्रयास समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके गिरोह और चोरी के अन्य मामलों से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पर वाहन चोरी, अवैध हथियार रखने और हत्या के प्रयास सहित एक दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। नई मंडी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 22 July 2026, 2:41 AM IST
No related posts found.