हिंदी
नकाबपोश बदमाशों ने लाखों के जेवर लूटे (IMG: Dynamite News)
Varanasi: वाराणसी में एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाए जाने की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जंसा थाना क्षेत्र के भतसार जोगीवीर पाही गांव में बीती रात नकाबपोश बदमाशों के पहुंचने की बात सामने आई है। आरोप है कि असलहों से लैस बदमाशों ने तीन घरों में घुसकर नकदी और लाखों रुपये के आभूषण अपने कब्जे में ले लिए। एक घर में महिला के गले पर कट्टा सटाकर गला दबाने का भी आरोप है। वारदात के दौरान बदमाशों ने घरों में सो रहे लोगों को कमरों में बंद कर दिया और ताले तोड़कर सामान समेट लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने सबसे पहले चंद्रिका प्रसाद मास्टर के मकान को निशाना बनाया। आरोप है कि यहां अंजना देवी के साथ बदमाशों ने मारपीट की और उनके गले पर कट्टा सटाकर गला दबाया। इसके बाद बदमाशों ने घर के एक कमरे का ताला तोड़ दिया। कमरे से करीब पांच हजार रुपये नकद और आभूषण ले जाने की बात सामने आई है। अचानक घर में घुसे बदमाशों और असलहे के बल पर हुई इस घटना से परिवार के लोग सहम गए।
इसके बाद बदमाशों ने जमुना प्रसाद के घर को निशाना बनाया। बताया गया कि आरोपी पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए। उस समय परिवार के लोग सो रहे थे। आरोप है कि घर में घुसने के बाद बदमाशों ने सो रहे परिजनों के कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। इसके बाद उन्होंने दो कमरों के ताले तोड़े और वहां रखी नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गए। परिवार के मुताबिक, बदमाश करीब 20 हजार रुपये नकद और लगभग छह लाख रुपये कीमत के आभूषण ले गए।
स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं 3 छात्राएं, फिर अचानक पहुंच गईं वाराणसी; 5 घंटे में ऐसे मिलीं सकुशल
तीसरे मकान को भी बदमाशों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि रामसूरत के घर में आरोपी छत के रास्ते दाखिल हुए। घर के एक कमरे में परिजन सो रहे थे। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें भी कमरे के अंदर बंद कर दिया। इसके बाद एक अटैची तोड़कर उसमें रखे करीब चार हजार रुपये नकद और लगभग एक लाख रुपये के आभूषण ले लिए। इस तरह तीनों घरों को मिलाकर ग्रामीणों की ओर से करीब 30 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के आभूषण ले जाने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, वारदात के बाद बदमाश मौके से भागने लगे। इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ने या रोकने की कोशिश की तो आरोप है कि बदमाशों ने उन पर असलहे तान दिए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने घटना की जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। इसके अलावा डॉग स्क्वायड को भी मौके पर लगाया गया। बताया गया कि डॉग स्क्वायड घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर आरआरसी सेंटर के पास जाकर रुक गया।
पूरे मामले में जंसा थाना अध्यक्ष सत्यजीत सिंह का बयान भी सामने आया है। थाना अध्यक्ष के अनुसार, यह घटना चोरी की प्रतीत हो रही है और लूट का मामला नहीं लग रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
Location : Varanasi
Published : 11 September 2026, 12:38 PM IST