वाराणसी में पुलिस टीम पर फायरिंग! सिपाही को लगी तीन गोलियां, मुठभेड़ में एक बदमाश गिरफ्तार

वाराणसी के सुंदरपुर इलाके में असलहा तस्करों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। हमले में सिपाही अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। घायल सिपाही को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद एक आरोपी राज विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 31 October 2026, 4:51 AM IST
google-preferred

Varanasi: वाराणसी के सुंदरपुर इलाके में शुक्रवार रात असलहा तस्करों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले में लंका थाने की क्राइम टीम के सिपाही अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। उन्हें पेट और हाथ में गोली लगी है। घायल सिपाही को तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में एक आरोपी राज विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची थी पुलिस टीम

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात लंका थाने की क्राइम टीम को सुंदरपुर इलाके में असलहा तस्करों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ने पहुंची थी। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। फायरिंग में सिपाही अमित शुक्ला घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

बदायूं के थाने से फिल्मी अंदाज में फरार हुआ चोरी का आरोपी! रोशनदान से लगाई छलांग

अचानक हुई गोलीबारी से पुलिस टीम को संभलने का मौका नहीं मिला। इसी दौरान हमलावर मौके से भागने में सफल रहे। घायल सिपाही को पुलिसकर्मियों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। बीएचयू ट्रामा सेंटर में उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, उनकी हालत सामान्य है।

पुलिस कमिश्नर ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचे। उन्होंने घायल सिपाही अमित शुक्ला के स्वास्थ्य की जानकारी ली। अमित शुक्ला मूल रूप से प्रयागराज के कर्नलगंज के रहने वाले हैं। पुलिस टीम पर हमले के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।

मुठभेड़ के बाद एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, रात करीब साढ़े दस बजे लंका थाना क्षेत्र में लोटूबीर मंदिर के पास एक बदमाश से मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी राज विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे भी बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।

दिल्ली में अक्टूबर की बारिश ने तोड़ा 75 साल का रिकॉर्ड! 20.7 डिग्री तक गिरा पारा, भारी बारिश का रेड अलर्ट

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। उससे गिरोह और घटना में शामिल अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सर्विलांस की मदद से भी उनकी लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

Location :  Varanasi

Published :  31 October 2026, 4:51 AM IST

Advertisement