हिंदी
जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
Mirzapur: मीरजापुर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस ने जब्त नशीले पदार्थों के निस्तारण की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 20 मुकदमों से संबंधित गांजा, हेरोइन और डायजापाम का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 43 लाख 30 हजार 540 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 28 जनवरी 2025 को जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (DDC) की उपस्थिति में यह कार्रवाई की गई। इसमें थाना कटरा के 15, थाना चील्ह के दो और थाना पड़री के तीन मुकदमों से संबंधित मादक पदार्थ शामिल थे। इस तरह कुल 20 अभियोगों से जुड़े जब्त नशीले पदार्थों का निस्तारण किया गया।
विनष्टीकरण के दौरान कुल 5.800 किलोग्राम गांजा, 0.202 किलोग्राम हेरोइन और 0.108 किलोग्राम डायजापाम को नष्ट कराया गया। पुलिस ने बताया कि पूरी कार्रवाई निर्धारित मानकों और नियमों के अनुसार की गई।
जब्त मादक पदार्थों का विनष्टीकरण प्रयागराज जनपद के थाना हंडिया क्षेत्र के अंतर्गत धानूपुर स्थित संगम मेडिसर्व प्राइवेट लिमिटेड के इन्सिनेटर के माध्यम से कराया गया। इस दौरान जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
मीरजापुर पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मुकदमों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण करना है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों में माल मुकदमाती के निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Mirzapur
Published : 30 October 2026, 9:26 PM IST
Topics : mirzapur news Mirzapur Police UP News