हरियाणा में हुई पिटाई का बदला 9 साल के मासूम से लिया! चाचा के भतीजे की हत्या, आरोपी परिवार का ही किशोर

मुजफ्फरनगर में नौ साल के अमन की हत्या के मामले ने परिवार और गांव को सदमे में डाल दिया है। दो दिन से लापता बच्चे का शव हाईवे के पास ईख के खेत में मिला। पुलिस ने परिवार से जुड़े एक किशोर को हिरासत में लिया है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 30 October 2026, 8:53 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में नौ साल के मासूम अमन की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। जिस बच्चे की तलाश में परिवार परेशान था, उसका शव दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 के पास ईख के खेत में मिला। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में परिवार से जुड़े 16-17 साल के एक किशोर को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल की है। शुरुआती जांच में वारदात के पीछे हरियाणा में हुई पुरानी मारपीट की रंजिश सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, अमन 28 अक्टूबर की शाम से लापता था। परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद रतनपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बच्चे की तलाश और संदिग्धों से पूछताछ के लिए पुलिस की दो से तीन टीमें लगाई गईं।

28 अक्टूबर से लापता था अमन

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 29 अक्टूबर को गांव सठेड़ी से 9-10 साल के अमन के लापता होने की सूचना मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच तेज की। इसी दौरान परिवार से जुड़े अरमान नाम के किशोर पर शक गहराया। उससे पूछताछ की गई तो पुलिस को कई अहम जानकारियां मिलीं।

एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि किशोर की निशानदेही पर 30 अक्टूबर को अमन का शव बरामद कर लिया गया। शव दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 के पास एक ईख के खेत में छिपाया गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, बच्चे की हत्या गला दबाकर की गई थी।

ये भी पढ़ें- लखनऊ में UP ATS की बड़ी कार्रवाई, शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध गिरफ्तार; पिस्टल और 20 कारतूस बरामद

हरियाणा में हुई मारपीट से जुड़ रही हत्या की वजह

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी किशोर पहले हरियाणा में अमन के चाचा गुलशेर के साथ काम करता था। वहां चोरी के आरोप को लेकर विवाद हुआ था और इसी दौरान गुलशेर ने उसकी पिटाई की थी। पुलिस का कहना है कि किशोर इसी बात को लेकर नाराज था।

आरोप है कि इसी रंजिश में उसने 29 अक्टूबर को अमन को निशाना बनाया और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ईख के खेत में छिपा दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को अंजाम देने में कोई और भी शामिल था या नहीं।

चाचा ने बताई हरियाणा में दुकान पर चोरी की पूरी कहानी

अमन के चाचा गुलशेर ने बताया कि हरियाणा के पिंजौर इलाके में उनकी फर्नीचर की दुकान है। उनके मुताबिक, दुकान में चोरी की घटना के बाद उन्होंने अरमान को पकड़कर दुकान मालिक के हवाले किया था। गुलशेर का आरोप है कि इस दौरान उन्होंने किशोर की पिटाई भी की थी।

गुलशेर ने बताया कि बाद में उन्होंने उसे अपना रिश्तेदार समझकर छुड़वा दिया और किराये के लिए 500 रुपये भी दिए। उनके अनुसार, किशोर के वापस आने के बाद परिवार के लोगों को धमकियां भी मिली थीं। गुलशेर का दावा है कि उन्हें पहले से उस पर शक था और उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी भी दी थी। चाचा ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि परिवार के लिए यह घटना बेहद दर्दनाक है और वे चाहते हैं कि दोषियों को कड़ी सजा मिले।

ये भी पढ़ें- Kasganj News: सीज होने के बाद भी धड़ल्ले से चल रहा था अस्पताल, छापे के दौरान मिले भर्ती मरीज

पुलिस की जांच जारी

एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सीओ बुढ़ाना और रतनपुरी थाना पुलिस की टीम ने मामले का खुलासा किया। किशोर को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए उसके मामले में कानून के तहत निर्धारित प्रक्रिया अपनाई जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह, घटनाक्रम और संभावित अन्य संलिप्तता की जांच कर रही है। 

Location :  Muzaffarnagar

Published :  30 October 2026, 8:53 PM IST

Related News

Advertisement