हिंदी
कासगंज में अवैध हॉस्पिटल सील (Img: Dynamite News)
Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बावजूद अवैध अस्पतालों के संचालन पर रोक नहीं लग पा रही है। दो महीने पहले सीज किया गया एक अस्पताल फिर से चलता मिला। जांच के दौरान यहां हड्डी का ऑपरेशन करा चुके मरीज भर्ती मिले, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को दोबारा सीज कर दिया।
मामला कासगंज के नदरई गेट स्थित मिशन चौराहे का है। यहां संचालित सिद्धि विनायक हॉस्पिटल एंड कौशल अल्ट्रासाउंड सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग ने छापेमारी की। नोडल अधिकारी डॉ. मदन कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे थे।
जांच के दौरान पता चला कि अस्पताल बिना जरूरी पंजीकरण और ऑपरेशन थियेटर (OT) लाइसेंस के संचालित हो रहा था। इसके बावजूद यहां मरीजों का ऑपरेशन किया जा रहा था। मौके पर हड्डी का ऑपरेशन करा चुके मरीज भर्ती मिले। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों से पूछताछ भी की।
ये भी पढ़ें: Kasganj News: मौत बनकर गिरा यूकेलिप्टस का पेड़! हाईटेंशन लाइन तोड़ते हुए बाइक सवार पर गिरा, फेरीवाले की मौत
इस अस्पताल पर पहले भी स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई कर चुका है। जानकारी के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में अस्पताल को कई बार सीज किया जा चुका है। करीब दो महीने पहले भी विभाग ने इसे सीज किया था। इसके बावजूद अस्पताल दोबारा संचालित होने लगा।
बार-बार कार्रवाई के बाद भी अस्पताल का दोबारा खुलना स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर सवाल खड़े कर रहा है। बिना वैध अनुमति के ऑपरेशन किए जाने से मरीजों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई के दौरान डॉ. हरेंद्र कुमार अत्री को भी कड़ी चेतावनी दी। नोडल अधिकारी डॉ. मदन कुमार ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध अस्पतालों, क्लीनिकों, पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण और जरूरी मानकों के संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: Kasganj News: पटियाली CHC में वार्डबॉय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत! पुलिस जांच में जुटी
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि दो महीने पहले सीज होने के बावजूद अस्पताल दोबारा कैसे शुरू हो गया? स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद भी अगर ऐसे अस्पताल संचालित होते हैं, तो मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती बन सकता है।
Location : Kasganj
Published : 30 October 2026, 7:53 PM IST
Topics : Health Department Raid Illegal Hospital in Kasganj kasganj news Medical Negligence UP Health Department