हिंदी
मौसम बदलने से बढी ठंड़ (Image Source: Internet)
New Delhi: चक्रवाती तूफान 'अर्णब' और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और पंजाब में बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को अक्टूबर माह का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया।
दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान गिरकर 20.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से 10.3 डिग्री कम रहा। मौसम के आंकड़ों के अनुसार, 1951 के बाद अक्टूबर महीने में दर्ज किया गया यह सबसे कम अधिकतम तापमान है। बारिश के मामले में भी राजधानी में इस महीने का एक दिन का रिकॉर्ड बना है। शुक्रवार को 61.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इससे पहले 9 अक्टूबर, 2022 को एक दिन में 74 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। राजधानी के कई हिस्सों में और बारिश होने के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
Delhi Fire News: मंगोलपुरी में एक फैक्टरी बनी आग का गोला, 4 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ठंडी हवाओं के चलते दिन के तापमान में बड़ी गिरावट आई है। प्रदेश के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में मौसम का असर अधिक रहा। पूरे प्रदेश में औसतन 7.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शनिवार को लखनऊ समेत 20 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है।
बिहार में भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। पटना सहित कई जिलों में पूरे दिन रुक-रुककर वर्षा होती रही। बारिश का असर खेती-किसानी पर भी पड़ा है। खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ी है। कृषि कार्य बाधित होने के कारण किसानों ने धान की कटाई रोक दी है। वहीं, आलू की रोपाई भी फिलहाल स्थगित कर दी गई है।
लखनऊ में डेंगू का बढ़ा प्रकोप! 72 घंटे में मिले 75 नए मरीज, कुल संख्या 698 पहुंची
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से मध्य प्रदेश में भी दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राज्य में अधिकतम तापमान औसतन पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरा। राजधानी भोपाल में तापमान में 6.8 डिग्री की कमी दर्ज की गई। खजुराहो, राजगढ़ और सीधी में सबसे अधिक तीन-तीन मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब के कई जिलों में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
उधर, हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का असर जारी रहने की संभावना है। खासकर किन्नौर, शिमला और लाहौल-स्पीति जिलों में हल्की बर्फबारी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
Location : New Delhi
Published : 31 October 2026, 3:51 AM IST