कानपुर के शास्त्री भवन में धर्म परिवर्तन का आरोप, हिंदू संगठन ने किया हंगामा

कानपुर के ग्वालटोली स्थित शास्त्री भवन में ईसाई समाज के एक कार्यक्रम के दौरान धर्म परिवर्तन कराए जाने का आरोप लगा है। सूचना पर हिंदू संगठन के नेता और कार्यकर्ता पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद हंगामा हुआ और संगठन के लोग धरने पर बैठ गए।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 31 October 2026, 1:26 AM IST
google-preferred

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर में धर्म परिवर्तन के आरोप को लेकर हंगामा हो गया। ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित शास्त्री भवन में ईसाई समाज के एक कार्यक्रम के दौरान धर्म परिवर्तन कराए जाने का आरोप लगाया गया। सूचना मिलने पर हिंदू संगठन के नेता और कार्यकर्ता पुलिस को जानकारी देकर मौके पर पहुंचे। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर विवाद की स्थिति बन गई। हिंदू संगठन के कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।

कार्यक्रम के दौरान धर्म परिवर्तन का आरोप

जानकारी के मुताबिक, शास्त्री भवन में क्रिश्चियन समुदाय की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। हिंदू संगठन के लोगों का आरोप है कि कार्यक्रम में दूर-दूर से आए लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। इस सूचना के बाद संगठन के नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे।

बांदा में रिश्ते का कत्ल, बेटे ने बेरहमी से की पिता की हत्या, इलाके में सनसनी

हिंदू संगठन के नेता कृष्णा तिवारी ने आरोप लगाया कि जब वे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा बंद कर दिया गया। उनका दावा है कि अंदर मौजूद लोगों को दूसरे दरवाजे से बाहर निकाल दिया गया। संगठन के नेताओं ने इस घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की।

हंगामे के बाद धरने पर बैठे कार्यकर्ता

दूसरे दरवाजे से लोगों के बाहर निकलने की बात सामने आने के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ता नाराज हो गए और मौके पर ही धरने पर बैठ गए। हंगामे की सूचना मिलने पर दो से तीन थानों का पुलिस बल शास्त्री भवन पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, कार्यक्रम में मुख्य गेट के बजाय दूसरे गेट से लोग बाहर निकलते दिखाई दिए। हालांकि, इस घटनाक्रम को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग बातें सामने आई हैं। हिंदू संगठन के नेताओं ने दूसरे दरवाजे से लोगों को बाहर भेजने को लेकर सवाल उठाए हैं।

झांसी में हैवानियत की हद पार, चूहे को जिंदा जलाकर मार डाला, वीडियो वायरल

पुलिस ने शुरू की आरोपों की जांच

पुलिस के मुताबिक, शास्त्री भवन में आयोजित कार्यक्रम के लिए आयोजकों ने अनुमति ली थी। हालांकि, अनुमति होने के बावजूद धर्म परिवर्तन को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। फिलहाल धर्म परिवर्तन कराए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि वहां एनिवर्सरी का कार्यक्रम चल रहा था। वहीं, कुछ लोग इस पूरे मामले पर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। फिलहाल कार्यक्रम में शामिल लोगों की ओर से भी कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Location :  Kanpur

Published :  31 October 2026, 1:26 AM IST

Advertisement