हिंदी
अपराधियों के हौसले बुलंद
Varanasi: यूपी के वाराणसी में शुक्रवार देर शाम पुलिस टीम पर फायरिंग की बड़ी घटना सामने आई। लंका थाना क्षेत्र के सुंदरपुर स्थित आशुतोष नगर में असलहा तस्करों की सूचना पर दबिश देने पहुंची क्राइम टीम के सिपाही पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सिपाही को पेट, पीठ और हाथ में तीन गोलियां लगीं। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
जानकारी के मुताबिक, लंका थाने की क्राइम टीम को सुंदरपुर के आशुतोष नगर में तीन असलहा तस्करों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम वहां दबिश देने पहुंची। बताया जा रहा है कि घटना नरिया तिराहे के पास हुई। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
इस दौरान कांस्टेबल अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
अस्पताल में डाक्टरों से पूछताछ करती पुलिस
पुलिस पर फायरिंग की घटना के कुछ देर बाद ही लंका थाना क्षेत्र के लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आरोपी राज विश्वकर्मा के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद राज विश्वकर्मा को भी इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस को आशंका है कि राज विश्वकर्मा सिपाही अमित शुक्ला पर फायरिंग करने वाली घटना में शामिल था।
Delhi Fire News: मंगोलपुरी की कपड़ा फैक्टरी बनी आग का गोला, छह लोग बेहोश
बदमाशों की गोली से घायल प्रयागराज के थरवई थाना क्षेत्र के वकारगाज निवासी अमित शुक्ला पिछले तीन साल से कमिश्नरेट में है। वह एसओजी में भी रह चुके हैं। पिछले एक साल से लंका थाना के क्राइम टीम में है। एटीएस एनएसजी कमांडो की ट्रेनिंग कर चुके अमित शुक्ला के परिजन भी प्रयागराज से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए। पत्नी और तीन साल की एक बेटी है।
सिपाही पर फायरिंग की सूचना मिलते ही वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। अधिकारियों ने घायल सिपाही के स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं, डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपी कौन हैं और असलहा तस्करी का नेटवर्क कहां तक फैला है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Varanasi
Published : 31 October 2026, 1:13 AM IST