हिंदी
कर्मचारी संघ ने गृह सचिव को भेजा ज्ञापन (Img: Dynamite News)
Saharanpur: सहारनपुर में जेल वार्डर के निलंबन और सफाई कर्मचारियों के वेतन को लेकर कर्मचारी संघ सक्रिय हो गया है। सफाई कर्मचारी एवं ठेका सफाई कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश ने केंद्रीय कारागार सहारनपुर में तैनात एक जेल वार्डर की बहाली की मांग उठाई है। वहीं, सफाई कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी को लेकर भी जानकारी सामने आई है। इन दोनों मुद्दों पर कर्मचारियों के हितों को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से संपर्क किया है।
संघ ने जेल वार्डर के निलंबन के मामले में प्रदेश के गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन के मुताबिक, संबंधित जेल वार्डर को 31 दिसंबर 2024 से निलंबित किया गया था। संघ का कहना है कि कर्मचारी निर्दोष है और उसके मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। संगठन ने शासन से मांग की है कि जांच के बाद कर्मचारी को दोषमुक्त कर तत्काल बहाल किया जाए।
संघ ने केवल बहाली ही नहीं, बल्कि निलंबन की अवधि को सेवा में जोड़ने की भी मांग की है। इसके साथ ही इस अवधि के वेतन का भुगतान कराने की अपील की गई है। ज्ञापन में शासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। हालांकि, बहाली और वेतन भुगतान को लेकर शासन की ओर से अंतिम निर्णय की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में वारदातें, मेरठ में छिपकर रह रहे थे गैंग के गुर्गे! आधी रात UP STF ने दी दबिश
दूसरी ओर, ठेका सफाई कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष राधेश्याम उर्फ बबलू के नेतृत्व में लेखा अधिकारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, सफाई कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी से संबंधित शासनादेश लागू कर दिया गया है। संघ की ओर से बताया गया कि बढ़ा हुआ वेतन अगले महीने की सैलरी में मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही दो महीने के एरियर यानी बकाया वेतन को भी लागू किए जाने की जानकारी दी गई है।
अधिकारियों से मुलाकात के दौरान जिला अध्यक्ष राधेश्याम, जिला महामंत्री अनुज वाल्मीकि, नगर उपाध्यक्ष साजन कांगड़ा, सोनू बिरला, सावन बिरला, जिला उपाध्यक्ष नरेश प्रेमी और विक्की सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Location : Saharanpur
Published : 3 November 2026, 4:14 PM IST