हिंदी
आकाश आनंद की हुंकार (IMG: Dynamite News)
Saharanpur: उत्तर प्रदेश की सियासत में बहुजन समाज पार्टी ने एक बार फिर सत्ता में वापसी का दावा करते हुए चुनावी माहौल गरमा दिया है। सहारनपुर में आयोजित जनसभा में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और कांग्रेस तथा समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने समाजवादी पार्टी को भाजपा की ‘बी’ पार्टी बताते हुए कहा कि प्रदेश में बदलाव के लिए बहुजन समाज को एकजुट होना होगा। आकाश आनंद ने मंच से कार्यकर्ताओं और युवाओं को पांचवीं बार बहन कुमारी मायावती को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दिलाने की अपील की।
सोमवार को अंबाला रोड हाईवे स्थित कार्यक्रम स्थल पर आयोजित जनसभा में आकाश आनंद ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने हत्या, महिला अपराध और संगठित अपराध की घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार के एनकाउंटर मॉडल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार खुद को एनकाउंटर वाली सरकार बताती है, लेकिन प्रदेश में कानून व्यवस्था की वास्तविक स्थिति पर भी ध्यान देने की जरूरत है।
गुरु रविदास जयंती पर सहारनपुर पहुंचे विधायक उमेश शर्मा, इस्तीफे से लेकर चुनाव तक पर दिया बड़ा बयान
शिक्षा और बेरोजगारी के मुद्दे पर आकाश आनंद ने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं के सामने रोजगार सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 25 हजार से अधिक सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं, डेढ़ लाख से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती अधूरी है और करीब दो करोड़ युवा बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार मुफ्त राशन देने की बात करती है, लेकिन युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए रोजगार चाहिए।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के बढ़ते प्रभाव को लेकर भी आकाश आनंद ने सरकार से सवाल किए। उन्होंने पूछा कि एससी, एसटी और ओबीसी समाज के बच्चों को एआई की शिक्षा देने के लिए सरकार ने क्या व्यवस्था की है? तकनीक के कारण कई क्षेत्रों में नौकरियों पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए नए रोजगार कैसे पैदा किए जाएंगे? उन्होंने सरकारी वेबसाइटों पर साइबर हमलों का मुद्दा उठाते हुए साइबर सुरक्षा की तैयारियों पर भी सवाल खड़े किए।
आकाश आनंद की हुंकार (IMG: Dynamite News)
जनसभा में आकाश आनंद ने बसपा शासनकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि मायावती सरकार ने शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए थे। उन्होंने कहा कि सरकारी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के हॉस्टलों में ओबीसी समाज के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। इसके अलावा भूमिहीन परिवारों को तीन-तीन एकड़ जमीन के पट्टे दिए गए थे। उन्होंने दावा किया कि बसपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल में 90 हजार से अधिक शिक्षकों, एक लाख से ज्यादा सफाई कर्मचारियों और दो लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई थी।
आकाश आनंद ने सैनी, गुर्जर, जाट समेत विभिन्न समाजों के लोगों से बसपा के साथ जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि बहन कुमारी मायावती ने हमेशा ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति पर काम किया है। बसपा सभी वर्गों के अधिकारों और विकास की बात करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता के जो अधिकार और सुविधाएं छीनी हैं, उन्हें वापस पाने के लिए बसपा को मजबूत करना जरूरी है।
जनसभा के अंत में आकाश आनंद ने नकुड़ विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी नरेश सैनी को अधिक से अधिक वोट देकर विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बसपा प्रत्याशी की जीत से पार्टी और बहन कुमारी मायावती के हाथ मजबूत होंगे। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि बहनजी को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है। आकाश आनंद के इस आह्वान पर जनसभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जय भीम के नारों के साथ उनका स्वागत किया।
Location : Saharanpur
Published : 2 November 2026, 5:30 PM IST