हिंदी
BJP का मेगा प्लान तैयार (IMG: Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। सत्ता में एक बार फिर वापसी करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी पूरी ताकत झोंकने की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार पार्टी का प्लान सिर्फ बड़ी रैलियों और बड़े नेताओं के भाषणों तक सीमित नहीं रहने वाला, बल्कि बूथ स्तर पर हर परिवार तक पहुंच बनाने की रणनीति तैयार की जा रही है। चुनावी मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक सक्रिय नजर आएंगे।
बीजेपी की चुनावी रणनीति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका सबसे अहम रहने वाली है। पार्टी की योजना के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी प्रदेश के सभी 18 मंडलों में जनसभाएं कर सकते हैं। इन सभाओं के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश होगी। वहीं, अमित शाह प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रैलियां और बूथ सम्मेलन करते नजर आएंगे। उनकी जिम्मेदारी क्षेत्रवार चुनावी स्थिति का आकलन करने के साथ-साथ संगठन के कार्यकर्ताओं में जोश भरने की भी होगी। इनके अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी प्रदेशभर में चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में पूर्वांचल की भूमिका काफी अहम मानी जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद वाराणसी लोकसभा सीट से सांसद हैं। ऐसे में इस क्षेत्र में उनकी सक्रियता बीजेपी के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है। हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों में पूर्वांचल में जातीय समीकरणों को लेकर बीजेपी के सामने चुनौतियां सामने आई हैं। ऐसे में पार्टी इस इलाके में अपना संगठन मजबूत करने और अलग-अलग सामाजिक वर्गों तक पहुंच बनाने पर ज्यादा जोर दे सकती है। अमित शाह की बढ़ती सक्रियता को भी इसी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि 2014 के लोकसभा चुनाव और 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान अपनाई गई रणनीति को नए सियासी समीकरणों के हिसाब से फिर जमीन पर उतारा जाए।
मोदी-शाह संभालेंगे मोर्चा (IMG: Pinterest)
बीजेपी की चुनावी तैयारी में प्रधानमंत्री मोदी की मंडल स्तर पर होने वाली जनसभाओं को खास महत्व दिया जा रहा है। योजना के मुताबिक, प्रदेश के सभी 18 मंडलों में प्रधानमंत्री की सभाएं आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसके जरिए पार्टी एक साथ कई विधानसभा क्षेत्रों में अपना संदेश पहुंचाने की कोशिश करेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी क्षेत्रवार सभाओं और बूथ सम्मेलनों के जरिए संगठन को सक्रिय करेंगे। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिला स्तर पर रैलियों के जरिए पहले से ही चुनावी माहौल बनाने में जुटे हैं।
रामलीला मैदान से राहुल गांधी-मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त और सरकार पर किया जोरदार हमला
बीजेपी इस बार केवल बड़ी रैलियों के भरोसे चुनाव लड़ने के मूड में नहीं है। पार्टी की सबसे बड़ी रणनीति घर-घर संपर्क अभियान को मजबूत करना है। इसके तहत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और अलग-अलग टोलियों को 50-50 परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य दिया जाएगा। बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के मुताबिक, पार्टी डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान की योजना तैयार कर रही है। इसके तहत महिलाओं, युवाओं, पहली बार मतदान करने वाले नए मतदाताओं, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, किसानों, छोटे व्यापारियों, प्रबुद्ध वर्ग और पूर्व सैनिकों से संपर्क किया जाएगा।
Location : Lucknow
Published : 2 November 2026, 12:17 PM IST