रामलीला मैदान से राहुल गांधी-मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त और सरकार पर किया जोरदार हमला

दिल्ली के रामलीला मैदान में 'इंडिया' गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार व मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने 2024 चुनावों में 'वोट चोरी' और 13.5 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 1 November 2026, 5:23 PM IST
google-preferred

New Delhi: दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित INDIA गठबंधन की महारैली में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में कई साल से 'वोट चोरी' हो रही है और अलग-अलग राज्यों के विधानसभा चुनावों के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव में भी वोटों की हेराफेरी हुई। राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान के हर नागरिक की आवाज बुलंद होनी चाहिए और उसकी आवाज सुनाई देनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के बिना नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री और अमित शाह गृह मंत्री नहीं बन पाते। राहुल गांधी ने कहा कि देश में पश्चिम बंगाल, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक के चुनावों के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव में भी 'वोट चोरी' हुई।

'साढ़े 13 करोड़ वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए'

राहुल गांधी ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद करीब साढ़े 13 करोड़ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए, जो कुल मतदाताओं का लगभग 15 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि हर सात में से एक मतदाता का नाम सूची से निकाल दिया गया है।

उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में NDA और विपक्ष के बीच वोटों का अंतर करीब 3 प्रतिशत था, जबकि इसके बाद मतदाता सूची से 15 प्रतिशत वोटरों के नाम हटाए जाने का दावा सामने आया है। राहुल गांधी ने इसी आधार पर 2024 के चुनाव की वैधता पर सवाल उठाए और इसे 'अवैध' बताया।

राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने वोट चोरी की है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटना होगा और जेल जाना होगा। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि हिंदुस्तान की जनता लोकतंत्र और संविधान को खत्म नहीं होने देगी तथा मोदी सरकार संविधान से बड़ी नहीं है।

'RSS ने संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है'

रैली में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि RSS ने देश की सभी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से किसानों और मजदूरों को उनका हक नहीं मिल रहा और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है।

उन्होंने दावा किया कि देश की संपत्ति कुछ चुनिंदा लोगों के हाथों में सिमट रही है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बड़े कारोबारियों के लाखों करोड़ रुपये के कर्ज माफ कर दिए जाते हैं, जबकि कर्ज नहीं चुका पाने पर मजदूरों, किसानों और छोटे कारोबारियों को जेल भेज दिया जाता है।

राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान नफरत का नहीं, बल्कि मोहब्बत का देश है। उन्होंने कहा कि वह नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार से नफरत नहीं करते, लेकिन उनके मुताबिक इन लोगों ने देश की आत्मा पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।

खरगे बोले- 'जनता नहीं, मोदी चुन रहे हैं वोटर'

INDIA गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में ऐसी स्थिति बन गई है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तय कर रहे हैं कि कौन वोट डालेगा।

खरगे ने कहा कि अब जनता प्रधानमंत्री को नहीं चुन रही, बल्कि प्रधानमंत्री बनने के लिए वोटरों को चुना जा रहा है। उन्होंने केंद्र के साथ महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश की सरकारों को भी निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि ये सरकारें चोरी से बनाई गई हैं।

खरगे ने कहा कि मोदी सरकार को सत्ता से हटाना जरूरी है, तभी लोकतंत्र को बचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह विपक्ष को डराने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन INDIA गठबंधन के नेता डरने वाले नहीं हैं।

'ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगी लड़ाई'

खरगे ने आरोप लगाया कि मोदी और शाह ने युवाओं, महिलाओं तथा दलितों के वोट छीनने की कोशिश की है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उनके जरिए लोगों के नाम मतदाता सूची से हटवाए जा रहे हैं।

खरगे ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाना चाहिए और जब तक वह इस्तीफा नहीं देंगे, तब तक INDIA गठबंधन की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता के वोट के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर एकजुट हुआ है।

Location :  New Delhi

Published :  1 November 2026, 5:23 PM IST

Advertisement