गोरखपुर में मौत बनकर दौड़ा ट्रक! ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी ऐसी टक्कर कि चालक की मौके पर ही गई जान

गोरखपुर के सहबाजगंज ओवरब्रिज के पास एक भीषण सड़क हादसे ने सबको झकझोर दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने छड़ लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से ऐसी टक्कर मारी कि ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया और चालक की जान चली गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

Gorakhpur: सुबह का वक्त था और हाईवे पर रोज की तरह वाहनों की आवाजाही जारी थी। इसी बीच सहबाजगंज ओवरब्रिज के पास अचानक ऐसा हादसा हुआ, जिसने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने छड़ लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ट्रैक्टर ट्रॉली से अलग होकर सड़क पर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

पीछे से ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब छह बजे एक ट्रक बस्ती से गोरखपुर की तरफ जा रहा था। जैसे ही ट्रक सहजनवां थाना क्षेत्र के सहबाजगंज ओवरब्रिज के पास पहुंचा, वह अचानक अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान आगे चल रही छड़ लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली से अलग होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर मारने के बाद ट्रक ओवरब्रिज के पास जाकर रुक गया।

थाना सहजनवां (Img: Dynamite News)

ये भी पढ़ें- Deoria: जिस पुलिस चौकी में मिलनी चाहिए सुरक्षा, वहीं खाकी वर्दी में छलक रहे जाम?

हादसे के बाद हाईवे पर मची अफरा-तफरी

दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ देर के लिए हाईवे पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही सहजनवां पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक

सहजनवां थाने के एसएसआई बलिराम पांडेय के मुताबिक, ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मृतक की पहचान देवनाथ (30) पुत्र के रूप में हुई है। वह गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के कुनवार गांव का निवासी था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर किसका है, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।

ये भी पढ़ें- बदायूं के कोल्हाई में दिल्ली-मेरठ हाईवे पर भीषण हादसा, लोडर ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, 5 घायल

परिवार में पसरा मातम

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया। जिस परिवार को देवनाथ के घर लौटने का इंतजार था, वहां अब दुख और सन्नाटा पसरा है। फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  1 November 2026, 5:05 PM IST

Advertisement