Kalpi Lawyer Murder: बेटे का कर रहे थे इंतजार, अचानक कार में बैठाकर ले गए; कानपुर में मिला शव

Kalpi Lawyer Murder मामले में जालौन के 70 वर्षीय वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार का शव कानपुर के सचेंडी में मिला। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 1 November 2026, 4:08 PM IST
google-preferred

Kanpur/Jalaun: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कालपी से लापता हुए वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की हत्या का मामला सामने आया है। उनका शव कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि अधिवक्ता को फाइल दिखाने की बात कहकर एक व्यक्ति कार में बैठाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा था। मामले में कालपी पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर घटना की वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

Kalpi Lawyer Murder: फाइल दिखाने के बहाने कार में बैठाया

जानकारी के मुताबिक, गयादीन अहिरवार की उम्र करीब 70 वर्ष थी और वे कालपी बार संघ के अध्यक्ष थे। बताया जा रहा है कि बीती शाम वह कालपी में अपने बेटे का स्टैंड पर इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कानपुर-झांसी हाईवे स्थित मंदिर के चौराहे के पास एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा।

उसने अधिवक्ता से किसी जरूरी काम के सिलसिले में बातचीत की और फाइल दिखाने की बात कहकर उन्हें कार में बैठा लिया। इसके बाद वह व्यक्ति उन्हें अपने साथ लेकर चला गया। काफी समय बीतने के बाद भी जब गयादीन अहिरवार घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई।

फोन बंद होने पर परिजनों ने पुलिस को दी सूचना

परिजनों ने जब गयादीन अहिरवार के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो उनका फोन स्विच ऑफ मिला। काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिवार के लोगों ने अनहोनी की आशंका जताई।

इसके बाद परिजन अन्य अधिवक्ताओं के साथ कालपी पुलिस के पास पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अधिवक्ता की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले की जांच में लगाई गईं।

Latest News

प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से तीन संदिग्ध हिरासत में

अधिवक्ता की तलाश के लिए पुलिस ने उस रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जहां से उन्हें कार में बैठाकर ले जाने की जानकारी मिली थी। इसके साथ ही पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के बाद अधिवक्ता का शव कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र से बरामद किया गया। सूचना मिलने पर जालौन पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ जांच शुरू की।

भविष्य सुरक्षित करने के चक्कर में बच्चों पर लादा जा रहा पढ़ाई और क्लासेज का भारी बोझ!

जमीन विवाद की आशंका, पुलिस कर रही पूछताछ

जालौन के एसपी सुरेश चंद्र रावत के मुताबिक, इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जांच में जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है और वारदात से जुडी अन्य कडियों को भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कालपी के वरिष्ठ अधिवक्ता की मौत की खबर से स्थानीय अधिवक्ता समुदाय में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Location :  Kanpur/Jalaun

Published :  1 November 2026, 4:08 PM IST

Related News

Advertisement