19 महीने बाद खुलेगा मेरठ का ‘नीला ड्रम’ वाला घर: सौरभ का कमरा देख रो पड़ी मां, अब दिवाली से पहले होगा हवन

मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड के करीब 19 महीने बाद सौरभ और मुस्कान के किराये वाले मकान का बंद हिस्सा खोला गया। कमरे में बेटे का सामान देखकर मां रेनू देवी भावुक हो गईं। अब दीपावली के बाद कमरे की सफाई, पुताई और शुद्धिकरण के लिए हवन कराया जाएगा।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 1 November 2026, 3:06 PM IST
google-preferred
Meerut News: मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड की खौफनाक यादें एक बार फिर ताजा होने जा रही हैं। जिस घर में सौरभ की बेरहमी से हत्या की गई थी, वह मकान करीब 19 महीने तक बंद रहा। अब दीपावली के बाद इस मकान के उस हिस्से का शुद्धिकरण कराया जाएगा, जहां सौरभ अपनी पत्नी मुस्कान के साथ रहता था। इसके लिए हवन की तैयारी की जा रही है। हाल ही में जब पुलिस की मौजूदगी में घर का ताला खोला गया तो सौरभ की मां रेनू देवी और भाई राहुल उर्फ बबलू कमरे में पहुंचे। बेटे की आखिरी यादों से जुड़े सामान को देखकर मां अपने आंसू नहीं रोक सकीं और फूट-फूटकर रो पड़ीं।

19 महीने बाद खोला गया मकान का बंद कमरा

यह मकान मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के इंदिरानगर में स्थित है। मकान मालिक ओमपाल सिंह के मुताबिक, मकान के एक हिस्से में सौरभ अपनी पत्नी मुस्कान के साथ किराये पर रहता था। हत्या की घटना के बाद से ही यह हिस्सा बंद था। पिछले बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में करीब 19 महीने बाद कमरे के दरवाजे का ताला तोड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने अंदर रखे सामान की सूची तैयार की। कमरे में मौजूद सौरभ के निजी सामान को उसके भाई राहुल उर्फ बबलू के सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान परिवार के सदस्य भी वहां पहुंचे थे।

नीले ड्रम वाली मुस्कान

नीले ड्रम वाली मुस्कान

बेटे का कमरा देखकर भावुक हुईं मां

करीब डेढ़ साल से ज्यादा समय बाद जब सौरभ की मां रेनू देवी और भाई राहुल कमरे के अंदर पहुंचे तो वहां का माहौल भावुक हो गया। बेटे से जुड़ी चीजें देखकर मां अपने आंसू नहीं रोक पाईं। वह रोने लगीं। परिवार के लिए यह कमरा सौरभ की यादों से जुड़ा हुआ था। मकान मालिक ओमपाल सिंह ने बताया कि अब कमरे की सफाई कराई जा रही है। इसके बाद मकान की पुताई की तैयारी है। दीपावली के बाद इस हिस्से का शुद्धिकरण कराया जाएगा और इसके लिए हवन भी आयोजित किया जाएगा।

पत्नी मुस्कान और प्रेमी साहिल ने की थी हत्या

दरअसल, मेरठ के इस चर्चित हत्याकांड ने पिछले साल पूरे देश का ध्यान खींचा था। तीन मार्च 2025 को सौरभ की पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। हत्या के बाद दोनों ने शव के पांच टुकड़े किए और उन्हें एक नीले ड्रम में रखकर सीमेंट से ढक दिया था। इस मामले का खुलासा 18 मार्च 2025 को हुआ था। पुलिस ने जांच के बाद मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से ही यह मकान का हिस्सा बंद पड़ा था।

अदालत ने दोनों आरोपियों को सुनाई फांसी की सजा

इस मामले में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ने के बाद अदालत ने इस महीने की 14 तारीख को मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा सुनाई थी। अब करीब 19 महीने बाद मकान का बंद हिस्सा खोला गया है। सफाई और पुताई के बाद यहां हवन कराया जाएगा। नीला ड्रम हत्याकांड से जुड़ा यह मकान अब एक बार फिर चर्चा में है। एक तरफ परिवार के लिए सौरभ की यादें और उससे जुड़ा दर्द है, तो दूसरी तरफ लंबे समय से बंद पड़े कमरे को फिर से साफ कर सामान्य स्थिति में लाने की तैयारी की जा रही है।

Location :  Meerut

Published :  1 November 2026, 3:06 PM IST

Advertisement