RITES Vacancy 2026: रेल मंत्रालय की कंपनी में 27 पदों पर भर्ती, डिप्लोमा और बीटेक वालों को मौका

RITES Recruitment 2026 के तहत असिस्टेंट मैनेजर के 27 पदों पर आवेदन शुरू हो गए हैं। मैकेनिकल डिप्लोमा और बीटेक उम्मीदवार 20 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। जानिए योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और फीस।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 1 November 2026, 1:57 PM IST
google-preferred

New Delhi: सरकारी क्षेत्र में नौकरी की तैयारी कर रहे इंजीनियरिंग उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। रेल मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी राइट्स लिमिटेड (RITES) ने असिस्टेंट मैनेजर के पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के तहत मैकेनिकल क्षेत्र में कुल 27 रिक्त पद भरे जाएंगे।

इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख 20 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

कॉन्ट्रैक्ट पर होगी असिस्टेंट मैनेजर की नियुक्ति

राइट्स की ओर से जारी भर्ती अधिसूचना के मुताबिक, असिस्टेंट मैनेजर के पद मैकेनिकल-I, मैकेनिकल-II और मैकेनिकल-III श्रेणियों में बांटे गए हैं। यह नियमित सरकारी नौकरी नहीं है, बल्कि नियुक्ति कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को तमिलनाडु में तैनाती दी जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले पद, योग्यता और अनुभव से जुड़ी शर्तें आधिकारिक नोटिफिकेशन में ध्यान से देखनी चाहिए।

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ये जरूरी टिप्स

डिप्लोमा और बीटेक उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

मैकेनिकल-I पद के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से मैकेनिकल में डिप्लोमा या बीटेक करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। डिप्लोमा धारकों के पास कम से कम आठ साल और डिग्री धारकों के पास दो साल का अनुभव होना जरूरी है।

मैकेनिकल-II और III के लिए भी संबंधित शैक्षिक योग्यता के साथ निर्धारित ASNT/ISNT लेवल-II प्रमाणपत्र और अनुभव की शर्तें लागू हैं। इंटर्नशिप, टीचिंग, अकादमिक, फेलोशिप, पीएचडी और रिसर्च अनुभव को निर्धारित कार्य अनुभव में शामिल नहीं किया जाएगा।

अधिकतम उम्र 40 साल, आरक्षित वर्ग को छूट

इस भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 40 साल होनी चाहिए। आयु की गणना 20 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार छूट मिलेगी। एससी और एसटी उम्मीदवारों को पांच साल, ओबीसी नॉन-क्रीमी लेयर को तीन साल और दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 साल की छूट निर्धारित है। अभ्यर्थी आवेदन से पहले अपनी श्रेणी के अनुसार आयु सीमा की पात्रता जांच लें।

लिखित परीक्षा और इंटरव्यू से होगा चयन

उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा में 125 ऑब्जेक्टिव सवाल होंगे और प्रत्येक सवाल एक अंक का होगा। परीक्षा के लिए दो घंटे 20 मिनट मिलेंगे। इसमें निगेटिव मार्किंग नहीं होगी।

अनारक्षित और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों को क्वालिफाई करने के लिए 50 प्रतिशत, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 45 प्रतिशत अंक लाने होंगे। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों में से रिक्तियों के मुकाबले आठ गुना उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।

सरकारी नौकरी का सपना देखने वालों के लिए आई खुशखबरी! बिना लिखित परीक्षा रेलवे में 2008 पदों पर भर्ती; देखें अंतिम तारीख

आवेदन शुल्क और जरूरी तारीख

आवेदन के लिए सामान्य और ओबीसी उम्मीदवारों को 600 रुपये शुल्क देना होगा। ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 300 रुपये निर्धारित है। आवेदन करते समय ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। इच्छुक उम्मीदवार 20 नवंबर 2026 तक राइट्स की आधिकारिक वेबसाइट http://www.rites.com पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन से पहले भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन पढ़ना जरूरी है, ताकि योग्यता, अनुभव और दस्तावेजों से जुड़ी किसी शर्त में गलती न हो।

Location :  New Delhi

Published :  1 November 2026, 1:57 PM IST

Advertisement