तीन किलोमीटर की दौड़, सैकड़ों प्रतिभागी और पर्यावरण का संदेश; बलिया में ऐसे मना स्थापना दिवस

बलिया स्थापना दिवस पर छात्र सहायता समिति ने पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मिनी मैराथन-2026 आयोजित की। करीब तीन किलोमीटर की दौड़ में पुरुष वर्ग में संदीप ठाकुर और महिला वर्ग में प्रीति गुप्ता प्रथम रहीं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 1 November 2026, 12:54 PM IST
google-preferred

Ballia: बलिया स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को जिले में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए मिनी मैराथन-2026 का आयोजन किया गया। छात्र सहायता समिति की ओर से आयोजित इस दौड़ में युवाओं के साथ महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। करीब तीन किलोमीटर की इस प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में संदीप ठाकुर और महिला वर्ग में प्रीति गुप्ता ने प्रथम स्थान हासिल किया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन की शुरुआत की और बाद में विजेताओं को सम्मानित किया।

डीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

बलिया स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित पर्यावरण मिनी मैराथन-2026 का शुभारंभ सतीश चंद्र कॉलेज चौराहे से हुआ। यहां जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और धर्मेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। आयोजन का उद्देश्य लोगों को दौड़ और शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था।

बलिया जिला अस्पताल में अव्यवस्थाएं देख भड़के DM, खराब स्ट्रेचर पर जताई नाराजगी

इन रास्तों से होकर गुजड़ी तीन किलोमीटर की दौड़

करीब तीन किलोमीटर की यह मैराथन सतीश चंद्र कॉलेज से शुरू हुई। इसके बाद प्रतिभागी मालगोदाम तिराहा, स्टेशन रोड, विशुनीपुर चौराहा, पानी टंकी चौराहा, जगदीशपुर चौराहा और ओवरब्रिज होते हुए सिविल चौकी पहुंचे। यहां दौड़ का समापन हुआ। पूरे मार्ग पर प्रतिभागियों में उत्साह दिखाई दिया।

Ballia News

बलिया स्थापना दिवस पर मिनी मैराथन (IMG: Dynamite News)

पुरुष वर्ग में संदीप ठाकुर और महिला वर्ग में प्रीति गुप्ता प्रथम

मिनी मैराथन के परिणामों में पुरुष वर्ग में सुखपुरा के संदीप ठाकुर ने पहला स्थान हासिल किया। सवरूबांध के दुर्गेश पासवान दूसरे और नगवा के रुद्र यादव तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, महिला वर्ग में सरया की प्रीति गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भरतपुरा की सुषमा दूसरे और हुसेपुर की प्रियंका राजभर तीसरे स्थान पर रहीं। दोनों वर्गों के विजेताओं को समारोह में सम्मानित किया गया।

बलिया में बारात से लौट रही महिला के साथ मारपीट और लूट का आरोप, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज; पुलिस जांच में जुटी

टीडी कॉलेज में आयोजित हुआ सम्मान समारोह

दौड़ के समापन के बाद टीडी कॉलेज के मनोरंजन हाल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

छात्र सहायता समिति के सदस्यों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में छात्र सहायता समिति के अध्यक्ष सर्वदमन जायसवाल समेत समिति के पदाधिकारी, सदस्य और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन में युवाओं, महिलाओं और बच्चों की भागीदारी ने बलिया स्थापना दिवस के कार्यक्रम को खास बना दिया।

Location :  Ballia

Published :  1 November 2026, 12:53 PM IST

Advertisement