हिंदी
कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज (Img: Dynamite News)
Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में शादी समारोह से घर लौट रही एक महिला के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद मनियर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। महिला ने कुछ लोगों पर रास्ते में घेरकर मारपीट करने, सोने की चेन और नकदी छीनने के साथ जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता इंदु देवी, निवासी बड़ागांव खुंटहा, थाना मनियर, के अनुसार घटना 7 फरवरी 2025 की रात की है। गांव में श्रीभगवान यादव की बेटी की शादी के दौरान बारात आई थी। रात करीब नौ बजे इंदु देवी अन्य महिलाओं के साथ द्वारपूजा देखकर घर लौट रही थीं।
ये भी पढ़ें- डिजिटल हेल्थ सेवाओं में बेहतर काम करने वालों का सम्मान, सीतापुर में आयोजित हुई कार्यशाला
आरोप है कि इसी दौरान तीन-चार लोगों ने उनका पीछा किया और रास्ते में घेर लिया। महिला ने शिकायत में मारपीट करने और कपड़े फाड़ने का आरोप भी लगाया है।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन और पर्स छीन लिया, जिसमें 1200 रुपये रखे थे। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है। इस मामले में मुकेश पासवान, प्रमोद कुमार यादव और हरेंद्र यादव को आरोपी बनाया गया है।
ये भी पढ़ें- हाथरस पुलिस की बड़ी उपलब्धि, CEIR पोर्टल से खोए मोबाइल बरामदगी में प्रदेश के टॉप-5 में शामिल
थाना प्रभारी मनियर अजय कुमार त्रिपाठी के अनुसार, दूसरे पक्ष की ओर से पहले एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद अदालत के आदेश पर महिला की शिकायत के संबंध में भी मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पीड़िता का बयान लिया गया है। जांच के बाद ही घटना से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Ballia
Published : 28 October 2026, 7:56 PM IST
Topics : assault case Ballia News court order Manier Police