हिंदी
वनकर्मियों पर फायरिंग करने वालों पर पुलिस का शिकंजा
Jhansi: जनपद के लहचूरा थाना क्षेत्र में बुधवार को वनकर्मियों पर फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मामले में वांछित आरोपी की पहचान धर्मेंद्र कुशवाहा, निवासी ग्राम चौका, थाना महोबकंठ, जिला महोबा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मामला झांसी जिले के लहचूरा थाना क्षेत्र के नया गांव वन ब्लॉक और धसान नदी का है। पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर 2026 को वनरक्षक और उनके रेंज स्टाफ के साथी मौके पर पहुंचे थे। वहां कथित तौर पर कुछ लोग लिफ्टर बोट के जरिए नदी से बालू निकालकर ले जा रहे थे। वनरक्षक ने उन्हें रोकते हुए वन क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन को गैरकानूनी बताया।
आरोप है कि चेतावनी मिलते ही संबंधित लोग भड़क गए। वनरक्षक और उनकी टीम के साथ गाली-गलौज की गई और फिर बंदूक व कट्टों से कई बार फायरिंग की गई। जान का खतरा देखते हुए वनकर्मियों को मौके से पीछे हटकर अपनी जान बचानी पड़ी।
घटना के संबंध में 25 अक्टूबर को वनरक्षक की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार और क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण में लहचूरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 28 अक्टूबर को वांछित आरोपी धर्मेंद्र कुशवाहा, को सोनकपुरा से भटपुरा तिराहे के पास स्थित प्रतीक्षालय से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
झांसी में वनकर्मियों पर फायरिंग के मामले में एक्शन, एक आरोपी गिरफ्तार
धसान नदी में कथित अवैध खनन और वनकर्मियों पर फायरिंग का यह मामला सरकारी व्यवस्था के सामने गंभीर सवाल खड़े करता है। वन संपदा की रक्षा करने वालों पर यदि हमले के आरोप लगते हैं, तो निष्पक्ष जांच, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई जरूरी है। फिलहाल एक गिरफ्तारी हुई है, लेकिन बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे मामले की जांच का इंतजार है।
Location : Jhansi
Published : 28 October 2026, 7:51 PM IST