हिंदी
Breaking News
पुलिस के मुताबिक, निवाड़ी क्षेत्र में गंग नहर की पटरी पर क्राइम ब्रांच की टीम और धर्मेंद्र के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों तरफ से करीब 15 राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ में धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित किए जाने की जानकारी दी गई है। हालांकि, घटना से जुड़ी विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
अतिरिक्त डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह के मुताबिक, धर्मेंद्र अमरोहा जिले के बशी गांव का रहने वाला था। उस पर गाजियाबाद के निवाड़ी और बागपत के खेकड़ा क्षेत्र में 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस तरह उस पर कुल एक लाख रुपये का इनाम था। पुलिस के अनुसार, वह अपने गैंग के साथ डकैती की वारदातों को अंजाम देता था और पिछले एक साल से गाजियाबाद तथा बागपत पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
मुठभेड़ के दौरान क्राइम ब्रांच के तीन पुलिसकर्मी विनीत, अमित और हिमांशु गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद की है। बरामद हथियार और मुठभेड़ से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
Location : Ghaziabad
Published : 28 October 2026, 7:06 PM IST