हिंदी
गोरखपुर में भंडारे के दौरान बवाल (Img: AI Generated)
Gorakhpur: गोला नगर पंचायत की अध्यक्ष लालती देवी के नाती के साथ मारपीट और बीच-बचाव करने पहुंचीं अध्यक्ष पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि नाती को बचाने के दौरान हमलावरों ने लालती देवी के सिर पर लोहे की रॉड से प्रहार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और खून बहने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अध्यक्ष की तहरीर पर गोला पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष लालती देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रात करीब 8:30 बजे उनका नाती आशीष कुमार घर के बगल में आयोजित भंडारे में प्रसाद खाने गया था। इसी दौरान मौसम पुत्र शिवकुमार और उसके मौसेरे भाई के लड़के ने कथित तौर पर आशीष के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
ये भी पढ़ें- MLC चुनाव में सपा का दम: अखिलेश यादव की रणनीति से बढ़ी ताकत, 2 सीटों पर जीत और 3 पर बढ़त का दावा
तहरीर के मुताबिक, नाती के साथ मारपीट की जानकारी होने पर लालती देवी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बीच-बचाव करते हुए आशीष को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इससे नाराज दोनों लोगों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपित ने अपने हाथ में मौजूद लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया। प्रहार लगने से उनके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर हमलावरों को रोकने और पीड़ितों को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद दोनों आरोपित गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे और मौके से फरार हो गए। घटना को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- जवाबी भजनों की तान और लोकगीतों की टक्कर, झांसी के समथर में रमेश दादू की स्मृति में सजी सांस्कृतिक महफिल
इस मामले में गोला थाना प्रभारी सीपी पाण्डेय ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष की तहरीर के आधार पर दो आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 28 October 2026, 4:52 PM IST