हिंदी
देवरिया में उचक्कों का आतंक
Deoria: जनपद के गौरी बाजार थाना क्षेत्र में बाइक सवार उचक्कों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार की रात गौरी बाजार-रुद्रपुर मार्ग पर ब्लॉक के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास पल्सर बाइक सवार दो बदमाश एक महिला का सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला अपने भाई के अजय निषाद के साथ मोटरसाइकिल से गौरी बाजार से करवा चौथ का बाजार करके अपने गांव सेखुई उसरहवा के लिए लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से पल्सर बाइक पर सवार दो उचक्कों ने मौका पाकर महिला का मंगलसूत्र झपट लिया और तेजी से इन्दुपुर के तरफ फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने घटना की सूचना गौरी बाजार पुलिस को दी। परंतु बुधवार के दिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि यह उचक्कागिरी का मामला है। पुलिस सक्रियता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।
लगातार बढ़ती झपटमारी की घटनाएं चिंता का विषय बना हुआ है वहीं इसको लेकर रात के समय में सामान्य व्यक्तियों के लिए जिसमें मुख्य रूप से महिलाएं बच्चियों एवं बुजुर्ग व्यक्तियों के लिए समस्या बन गई है कब किसके साथ कौन सी घटना घटित हो सकती है इसकी कोई गारंटी नहीं है।
सरेराह महिलाओं के आभूषण झपटकर फरार होने की घटनाएं आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं। अब देखना होगा कि गौरी बाजार पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक कब पहुंचती है।
Location : Deoria
Published : 28 October 2026, 5:46 PM IST