हिंदी
देवरिया में महिला हत्याकांड का वांछित आरोपी गिरफ्तार
Deoria: रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर स्थित कर्मचारी आवास में महिला की हत्या के मामले में वांछित आरोपी रामअशीष यादव मंगलवार की सुबह पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को सीएचसी रुद्रपुर में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार, हत्या में शामिल उसका दूसरा साथी नरेश यादव मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार तड़के रुद्रपुर क्षेत्र के अवस्थी चौराहे पर पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। कुछ दूर आगे उनकी बाइक फिसलकर गिर गई, जिसके बाद दोनों भागने लगे।
ग्राम शिहोरचक के पास एक आरोपी पेड़ की आड़ लेकर पुलिस को गोली मारने की धमकी देने लगा। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने दोबारा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोली चलाई, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के छपरा गांव निवासी रामअशीष यादव (48) के रूप में हुई है। वह 25 अक्टूबर को रुद्रपुर सीएचसी परिसर स्थित कर्मचारी आवास में हुई गुड़िया की हत्या के मामले में वांछित था।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने महिला की हत्या के लिए तीन लाख रुपये की सुपारी मिलने की बात स्वीकार की है। उसके मुताबिक, इसमें से ढाई लाख रुपये पहले मिल चुके थे, जबकि शेष 50 हजार रुपये लेने के लिए वह अपने साथी नरेश यादव के साथ जा रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि हत्या की योजना सत्यप्रकाश यादव और महिला के परिजनों के साथ मिलकर बनाई गई थी। 24 और 25 अक्टूबर की रात वह अपने साथियों के साथ सीएचसी परिसर पहुंचा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला का रस्सी से गला दबाने और हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या करने की बात भी बताई है। इन बयानों और आरोपों की पुष्टि जांच के दौरान की जानी है।
गौरतलब है कि 25 अक्टूबर को सीएचसी रुद्रपुर की स्टाफ नर्स पूर्णिमा ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि परिसर स्थित कर्मचारी आवास में उनकी भाभी गुड़िया मृत अवस्था में मिली हैं। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं।
मृतका की मां लालती देवी निवासी करहकोल, थाना एकौना की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले में हत्या से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में रुद्रपुर के प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Deoria
Published : 27 October 2026, 6:25 AM IST