हिंदी
जिंदा जहरीला सांप लेकर जिला अस्पताल पहुंचा युवक
Banda: उत्तर प्रदेश के बांदा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सांप के काटने के बाद एक युवक उसी जिंदा सांप को हाथ में लेकर जिला अस्पताल पहुंच गया। युवक के हाथ में जहरीला सर्प देखकर अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और लोगों के होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में था। डॉक्टरों के समझाने के बाद उसने सांप को एक डिब्बे में बंद किया, जिसके बाद उसका इलाज शुरू किया गया।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के क्योटरा मोहल्ले का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले रामभज के मुताबिक, वह घर के बाहर बैठा था, तभी सांप ने उसे डस लिया। इसके बाद उसने सांप को पकड़ लिया और उसे लेकर सीधे जिला अस्पताल पहुंच गया।
अस्पताल में युवक के हाथ में जिंदा सांप देखकर लोग घबरा गए। युवक शुरुआत में सांप को खुले हाथ में लेकर घूमता रहा। इससे अस्पताल में मौजूद मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों के लिए भी खतरे की स्थिति बन गई।
सांप को हाथ में लेकर अस्पताल पहुंचा युवक
अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और कर्मचारियों ने युवक को समझाया कि जिंदा सांप को खुले हाथ में लेकर घूमना खतरनाक हो सकता है। सांप के अचानक छूट जाने से वहां मौजूद दूसरे लोगों को भी नुकसान पहुंच सकता था। इसके बाद युवक ने सांप को डिब्बे में बंद कर दिया।
जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि रामभद्र नाम का युवक हाथ में सांप लेकर आया था। युवक का उपचार किया जा रहा है। डॉक्टर के अनुसार, युवक उस समय नशे में था और फिलहाल खतरे से बाहर बताया गया।
डॉक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि युवक को बार-बार समझाया गया कि सांप को अस्पताल से बाहर किसी सुरक्षित स्थान पर छुड़वा दिया जाए। उनके मुताबिक, सांप अभी जीवित था और उसके खुले में आ जाने पर अस्पताल में मौजूद किसी भी व्यक्ति को खतरा हो सकता था।
यह घटना जहां लोगों के लिए हैरानी का विषय बन गई, वहीं जहरीले सांप को हाथ से पकड़कर अस्पताल लाना कितना जोखिम भरा हो सकता है, यह भी सामने आया। सांप के काटने पर उसे पकड़ने की कोशिश करने के बजाय तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए। सांप को सुरक्षित दूरी से भी पहचानना संभव न हो तो उसे पकड़ने या छूने से बचना चाहिए।
Location : Banda
Published : 27 October 2026, 5:42 AM IST