हिंदी
MBBS छात्र मिथिलेश की मौत का मामला गरमाया
Pratapgarh: डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस (MBBS) छात्र मिथिलेश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों ने कुछ छात्रों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।
परिजनों का सीधा आरोप है कि उनके बेटे की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की गई है। हंगामे के चलते काफी देर तक पोस्टमार्टम हाउस परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए काफी देर तक समझाया-बुझाया।
सीओ सिटी के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और नामजदगी की जिद छोड़कर अज्ञात के खिलाफ तहरीर देने पर राजी हुए। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मेडिकल कॉलेज हॉस्टल के कमरे में बीते दिन छात्र मिथिलेश का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। घटना के बाद से ही साथी छात्रों और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने और उसकी शुरुआती रिपोर्ट सामने आने के बाद ही परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने को तैयार हुए। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और हॉस्टल के अन्य छात्रों से पूछताछ के आधार पर मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही घटना की असल वजह सामने आ जाएगी।
Location : Pratapgarh
Published : 27 October 2026, 12:52 AM IST