हिंदी
2027 से पहले मतदाता सूची दुरुस्त करने की तैयारी फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
अमेठी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने की कवायद तेज हो गई है। पहली बार मतदान के योग्य हो रहे युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने, मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने और महिला मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में अमेठी के जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान और जनगणना 2027 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को चिह्नित कर विद्यालयों में विशेष शिविरों के माध्यम से फार्म-6 भरवाया जाए। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण के साथ जनगणना की निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने सोमवार को बताया कि अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई। सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने, निर्वाचक नामावलियों को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने का निर्देश दिया गया है।इसके साथ ही जनगणना की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के भी निर्देश दिए गए है। जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों का समायोजन एवं पुनर्व्यवस्थापन दो नवंबर तक किया जाना है। इसके बाद 12 नवंबर को निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन कराने अथवा अन्य दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक निर्धारित है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी 2027 को होगा।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में बीएलओ और सुपरवाइजर के साथ बैठक कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करें। साथ ही, मौजूदा मतदाता सूची का गहन परीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से छूटने न पाए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अधिक से अधिक शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाने के लिए अभी से प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उस पर अमल किया जाए। पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले फार्मों और दावों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूरे हो सकें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों, महिलाओं तथा अन्य सभी योग्य मतदाताओं का नाम अनिवार्य रूप से निर्वाचक नामावली में शामिल कराया जाए। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष अभियान चलाया जाए।
Raebareli: महर्षि वाल्मीकि और संत नामदेव की जयंती पर गूंजा सदाचार का संदेश
उन्होंने विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे सभी विद्यार्थियों को चिह्नित किया जाए, जिनकी आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है। जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं। पात्र विद्यार्थियों से फार्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।ताकि युवा मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बन सकें।
इसके अतिरिक्त राशन कार्ड धारकों, मनरेगा जॉब कार्ड धारकों, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं एवं अन्य पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। इन सूचियों के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों को चिह्नित कर उनका पंजीकरण कराया जाए। संबंधित विभाग इन कार्यों में आपसी समन्वय बनाए रखें, जिससे पात्र नागरिकों तक अभियान का लाभ पहुंच सके।
जिलाधिकारी ने मतदाता सूची में महिला एवं पुरुष मतदाताओं के अनुपात यानी जेंडर रेशियो पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने आगे कहा कि महिला मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। विवाह के बाद दूसरे स्थान पर आई ऐसी महिलाओं, जो संबंधित विधानसभा क्षेत्र में पंजीकरण की पात्रता रखती हैं। जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, उन्हें चिह्नित कर नियमानुसार उनका नाम दर्ज कराने की कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही आवश्यक नागरिकों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करना भी है। इसलिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान लोगों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, निर्धारित समयसीमा तथा आवश्यक प्रपत्रों के संबंध में जानकारी दी जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा विद्यालयों, ग्रामीण क्षेत्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों को समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन में अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ, शुद्ध और पारदर्शी मतदाता सूची निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की आधारशिला है। इसलिए निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने जनगणना 2027 की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना से जुड़े सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं तथा इसके लिए विभागीय स्तर पर समुचित तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की जाएगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा।
मुकदमा दर्ज कराने के नाम पर 30 हजार की वसूली! गोरखपुर में हिस्ट्रीशीटर पर गंभीर आरोप
जिलाधिकारी ने जनगणना की प्रक्रिया के संबंध में आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वगणना की प्रक्रिया और उसके महत्व की जानकारी दी जाए, ताकि वे निर्धारित अवधि में इसमें भाग ले सकें। साथ ही, घर-घर जाकर गणना करने वाले प्रगणकों को अपेक्षित सहयोग देने के लिए भी नागरिकों को प्रेरित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना एवं निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण अभियान के बीच आवश्यक समन्वय बनाए रखते हुए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।
दोनों महत्वपूर्ण कार्यों के सफल क्रियान्वयन के लिए विभागीय जिम्मेदारियां स्पष्ट करते हुए समयबद्ध कार्ययोजना के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमृता सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Location : अमेठी
Published : 26 October 2026, 8:03 PM IST